महराजगंज में डिवाइडर से टकराकर पलटी कार, चारों पहिए हवा में उठे, चालक सुरक्षित

- गोरखपुर-सोनौली हाईवे पर बाजारडीह के पास हुआ हादसा, बारिश के बीच फरेंदा पुलिस ने वाहन हटवाकर यातायात कराया बहाल
सौरभ जायसवाल
आनंदनगर/महराजगंज। गोरखपुर-सोनौली राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्रवात अर्नब के दौरान भैया फरेंदा के बाजारडीह के सामने एक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर के बाद कार हाईवे पर पलट गई और उसके चारों पहिए ऊपर हो गए। हादसे में वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, राहत की बात रही कि चालक सुरक्षित बच गया और कोई जनहानि नहीं हुई।
बताया जाता है कि शुक्रवार को दिन में करीब चार बजे परसौनी, पुरंदरपुर निवासी सुनील जायसवाल अपनी निजी कार से गोरखपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बाजारडीह स्थित राजन ढाबा के सामने अचानक उनकी कार अनियंत्रित हो गई। डिवाइडर से टकराने के बाद कार सड़क पर पलट गई।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने किसी तरह क्षतिग्रस्त कार से चालक को बाहर निकाला। घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक फरेंदा राघवेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ बारिश के बीच मौके पर पहुंचे। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाकर हाईवे पर आवागमन सुचारु कराया।
हादसे में कार को काफी नुकसान पहुंचा, लेकिन चालक के सुरक्षित बच जाने से लोगों ने राहत की सांस ली।