रिफॉर्म क्लब में 01 से 03 नवम्बर तक लगेगा तीन दिवसीय सरस मेला

- स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा निर्मित स्वदेशी उत्पादों के लगेंगे स्टॉल
- महिलाओं को मिलेगा अपने उत्पादों के विपणन का अवसर
रायबरेली। मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाने तथा उनके द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रिफॉर्म क्लब में दिनांक 01 नवम्बर से 03 नवम्बर 2026 तक तीन दिवसीय सरस मेले का आयोजन किया जा रहा है। मेले में जनपद के सभी 18 विकास खण्डों की स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं द्वारा निर्मित विभिन्न प्रकार के स्वदेशी उत्पादों के स्टॉल लगाए जाएंगे।
सरस मेले में महिलाओं द्वारा तैयार किए गए दैनिक उपयोग, खाद्य सामग्री, हस्तशिल्प, घरेलू उपयोग एवं अन्य उत्पादों की विस्तृत श्रृंखला उपलब्ध रहेगी। इनमें सेनेटरी पैड, मल्टीग्रेन मसाले, गाय के गोबर से निर्मित उपले, झाड़ू, फिनायल, फाइल कवर, मिठाई के डिब्बे, टॉयलेट क्लीनर, हैंडवॉश, गोंद के लड्डू, हाजमा चूर्ण, स्कूल ड्रेस, सेब का जैम, मोमबत्तियां, चप्पल, साबुन, डिजाइनर सिले हुए कपड़े, मिट्टी के बर्तन, दोना-पत्तल, अचार, जूट बैग, साड़ी, सूट, दुपट्टे, कॉस्मेटिक डलिया, हर्बल साबुन, नमकीन, दीपक, कैरी बैग, लिफाफे, एलईडी बल्ब, झालर सहित विभिन्न प्रकार के उत्पादों के स्टॉल लगाए जाएंगे।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि सरस मेले का प्रमुख उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को उनके उत्पादों के प्रदर्शन एवं बिक्री के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना, उनके व्यवसाय को प्रोत्साहित करना तथा उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अवसर प्रदान करना है। इस प्रकार के आयोजनों से ग्रामीण महिलाओं की प्रतिभा एवं हुनर को पहचान मिलती है तथा उनके द्वारा तैयार किए गए उत्पादों को व्यापक स्तर पर बाजार उपलब्ध कराने में मदद मिलती है।
उन्होंने बताया कि सरस मेला जनपद की महिलाओं के लिए अपनी मेहनत, कौशल एवं उद्यमशीलता को प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। मेले के माध्यम से महिलाओं को अपने उत्पाद सीधे ग्राहकों तक पहुंचाने, बिक्री बढ़ाने तथा स्वरोजगार को आगे बढ़ाने में सहायता मिलेगी। साथ ही, स्थानीय स्तर पर निर्मित उत्पादों को बढ़ावा मिलने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
मुख्य विकास अधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि वे 01 से 03 नवम्बर तक रिफॉर्म क्लब में आयोजित सरस मेले में पहुंचकर स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों की खरीदारी करें तथा महिला सशक्तीकरण, स्थानीय उद्यमिता और स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहित करने में सहभागी बनें।