नये आधुनिक भारत के निर्माता थे लौह पुरूष सरदार पटेल: मनोज पाण्डेय

- देश पटेल के कार्यो को कभी भुला नही सकता: मनोज पाण्डेय
- हमे दृढ़ इच्छाशक्ति की प्रेरणा पटेल से मिलती है, पटेल मेरे आदर्श: मनोज पाण्डेय
ऊंचाहार-रोहनियां, रायबरेली। पटेल जयंती के अवसर पर आयोजित विशाल जयंती एवं सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए प्रदेश सरकार के खाद्य, रसद एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री तथा ऊंचाहार विधायक मनोज कुमार पाण्डेय ने कहा कि 500 से अधिक रियासतों में बंटे भारत को एक छत, एक झंडे और एक देश के नीचे लाने का ऐतिहासिक कार्य अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल ने किया था। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल नये आधुनिक भारत के निर्माता थे और देश उनके कार्यों को कभी भुला नहीं सकता।
श्री मनोज कुमार पाण्डेय ने कहा कि मजबूत इरादों, राष्ट्रहित में कड़े निर्णय लेने की क्षमता और देश की एकता के प्रति समर्पण के बल पर सरदार पटेल ने अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। भारत के गृहमंत्री के रूप में उन्होंने देश की आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करने का भी काम किया। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल के जीवन और कार्यों से वह सदैव प्रभावित रहे हैं और दृढ़ इच्छाशक्ति की प्रेरणा उन्हें सरदार पटेल से मिलती है। पटेल उनके आदर्श हैं।
मंत्री ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि जब-जब उन्हें अवसर मिला, उन्होंने सरदार पटेल को याद करने और उनके ऐतिहासिक कार्यों को नमन करने का प्रयास किया। नगर पालिका अध्यक्ष रहते हुए रायबरेली के बस स्टैंड पर लंबे समय बाद सरदार पटेल की मूर्ति स्थापित कराने का अवसर मिला। वहीं, ऊंचाहार के जगतपुर में भव्य पटेल स्मृति द्वार तथा ऊंचाहार के रोहनियां में विशाल पटेल पार्क और सरदार पटेल की भव्य मूर्ति की स्थापना भी कराई गई।
समारोह के दौरान समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 150 से अधिक लोगों को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष के.के. पटेल, प्रधान शिवलोचन पटेल, पूर्व प्रधान विश्राम पटेल, प्रधान सुरेश पटेल, लाल बहादुर पटेल, उमाशंकर पटेल, रोशन पटेल, प्रधान दिनेश पटेल, ब्लॉक प्रमुख राकेश पासी, प्रधान लल्लू, ब्लॉक प्रभारी शिवपूजन द्विवेदी, अमित द्विवेदी, रत्नेश पटेल, अर्जुन पटेल, बिंदेश्वरी तिवारी, राकेश तिवारी, छोटेलाल पासी एवं प्रधान रामलखन पटेल सहित अन्य प्रमुख लोग उपस्थित रहे।