रायबरेली में हाईवे पर खड़े ट्रेलर में ट्रक की भीषण टक्कर, चालक की मौत, दो गंभीर घायल

खीरों थाना क्षेत्र के निहस्था ओवरब्रिज पर सुबह पांच बजे हुआ हादसा, जेसीबी से ट्रक काटकर निकाला गया चालक का शव
खीरों, रायबरेली। थाना क्षेत्र के अंतर्गत उन्नाव-लालगंज हाईवे पर बुधवार सुबह करीब पांच बजे निहस्था गांव के पास ओवरब्रिज पर भीषण सड़क हादसा हो गया। सड़क किनारे खड़े ट्रेलर में पीछे से आ रहे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रेलर चालक और ट्रक का क्लीनर गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रक के केबिन के परखच्चे उड़ गए।
जानकारी के अनुसार, ट्रेलर पंजाब से आलू लादकर पश्चिम बंगाल जा रहा था और निहस्था के पास हाईवे किनारे खड़ा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक ने उसमें टक्कर मार दी। ट्रक भी आलू लेकर पंजाब से पश्चिम बंगाल की ओर जा रहा था।
हादसे में ट्रक चालक मनीष (24) निवासी जनीयाला खुर्द झाड़ा, थाना ओटाबढ़, जिला पलवल, हरियाणा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, ट्रक का क्लीनर जुबेर (54) पुत्र नूर मोहम्मद निवासी नंगला जार्ज जवार, थाना हसनपुर, जिला पलवल, हरियाणा गंभीर रूप से घायल हो गया। ट्रेलर चालक धर्मेंद्र निवासी सुजानपुर, फतेहपुर भी हादसे में गंभीर रूप से घायल हुआ है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। ट्रक के केबिन में चालक का शव बुरी तरह फंस गया था। पुलिस ने जेसीबी की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन को हटवाया और ट्रक को काटकर चालक के शव को बाहर निकलवाया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
दोनों घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने जेसीबी की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सेमरी चौकी में खड़ा करवाया। हादसे में ट्रक चालक मनीष की मौत और क्लीनर जुबेर व ट्रेलर चालक धर्मेंद्र के घायल होने की सूचना उनके परिजनों को दे दी गई है।
प्रभारी उपनिरीक्षक कुलदीप सिंह बुंदेला ने बताया कि मामले में अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
