संजय सिंह चौहान ने सरोजनीनगर में डॉ. राजेश्वर सिंह के विकास कार्यों की सराहना की, ‘मैं हूं सरोजनीनगर’ पत्रिका का किया प्रचार

बाबा जय सिंह फार्म हाउस पर जनसंवाद के दौरान नागरिकों को पत्रिका देकर किया सम्मानित
स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और जनकल्याणकारी योजनाओं का किया उल्लेख
शकील अहमद
सरोजनीनगर (लखनऊ)। सरोजनीनगर में विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह के विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से वरिष्ठ भाजपा नेता एवं उत्तर प्रदेश सहकारिता प्रकोष्ठ के सदस्य संजय सिंह चौहान ने जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया। बाबा जय सिंह फार्म हाउस स्थित अपने आवास पर आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने नागरिकों को पत्रिका भेंट कर तथा पट्टिका और अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया।
इस दौरान संजय सिंह चौहान ने लोगों से ‘मैं हूं सरोजनीनगर’ पत्रिका पढ़ने की अपील की। उन्होंने बताया कि इस पत्रिका में विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह के विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई है।
संजय सिंह चौहान ने विधायक के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि डॉ. राजेश्वर सिंह सरोजनीनगर के लिए केवल एक जनप्रतिनिधि नहीं, बल्कि परिवार के सदस्य और बेटे की तरह जनता के सुख-दुख में सहभागी हैं। उनका कहना था कि राजनीति में पहचान भाषणों से नहीं, बल्कि धरातल पर किए गए कामों से बनती है और सरोजनीनगर में विकास कार्यों के जरिए इसका उदाहरण देखने को मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि विधायक की ओर से शुरू की गई ‘फिट सरोजनीनगर, हिट सरोजनीनगर’ मुहिम ने स्वास्थ्य जागरूकता को नई दिशा दी है। क्षेत्र में स्थापित ओपन एयर जिम के माध्यम से युवा, महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे नियमित व्यायाम, योग एवं साइकिलिंग के प्रति प्रेरित हो रहे हैं। इससे लोगों को बेहतर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ सामाजिक मेलजोल भी बढ़ रहा है।
संजय सिंह चौहान ने कहा कि डॉ. राजेश्वर सिंह ने विकास को केवल सड़कों और भवनों तक सीमित नहीं रखा है, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के भविष्य, खेल, पर्यावरण संरक्षण तथा गरीब और जरूरतमंद परिवारों के कल्याण को भी प्राथमिकता दी है। समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने और जरूरतमंदों की समस्याओं को अधिकारियों तक पहुंचाने के प्रयास भी सराहनीय हैं।
उन्होंने बताया कि ‘चाय पर चर्चा’ जैसे जनसंवाद कार्यक्रमों के माध्यम से स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनी जा रही हैं। पार्कों में खराब उपकरण, सफाई, फॉगिंग, सोलर लाइट और स्ट्रीट लाइट जैसी समस्याओं के समाधान के लिए विभागवार पत्रावलियां तैयार कराई जा रही हैं।
संजय सिंह चौहान ने कहा कि ‘मैं हूं सरोजनीनगर’ पत्रिका क्षेत्र के विकास का महत्वपूर्ण दस्तावेज है। इसके माध्यम से विधायक के कार्यों, उपलब्धियों और जनकल्याणकारी पहलों की जानकारी घर-घर तक पहुंच रही है।
कार्यक्रम में मंडल उपाध्यक्ष महेंद्र सिंह, बूथ अध्यक्ष शेष वीर सिंह, गुड्डू, ब्रह्मेंद्र सिंह, बंदे रामखेलावन लोधी, दिनेश रावत, विजय विक्रम सिंह, गोले भारती, राजू यादव, रामसेवक रावत, जेपी वर्मा, सुंदर त्रिपाठी सहित काफी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
अंत में संजय सिंह चौहान ने कहा कि सरोजनीनगर की जनता विकास, विश्वास और सेवा की राजनीति को महत्व देती है। डॉ. राजेश्वर सिंह के नेतृत्व में क्षेत्र को नई पहचान दिलाने का प्रयास जारी रहेगा। गरीबों के चेहरे पर मुस्कान, युवाओं को अवसर और प्रत्येक परिवार तक विकास का लाभ पहुंचाना ही इस जनसेवा अभियान का मूल उद्देश्य है।
