महाराजगंज: बृजमनगंज के कई गांवों में पराली जलाने की सूचना, खेतों में पहुंचे कर्मचारी, किसानों की पहचान शुरू

बहादुरी और विश्रामपुर समेत कई गांवों में आग बुझाने का किया प्रयास, जांच के बाद उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी रिपोर्ट
प्रशासन ने किसानों से पराली न जलाने की अपील की
सौरभ जायसवाल
बृजमनगंज (महाराजगंज)। बृजमनगंज ब्लॉक के बहादुरी, विश्रामपुर समेत कई गांवों में पराली जलाए जाने की सूचना मिलने पर प्रशासनिक कर्मचारी खेतों में पहुंचे। कर्मचारियों ने आग बुझाने का प्रयास किया और पराली जलाने वाले किसानों की जानकारी जुटाई।
जिलाधिकारी के निर्देश और लगातार चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के बावजूद जिले में पराली जलाने की घटनाएं सामने आ रही हैं। प्रशासन की ओर से कुछ किसानों पर जुर्माना भी लगाया जा चुका है। इसके बाद भी खेतों में फसल अवशेष जलाए जाने की सूचनाएं मिल रही हैं।
कर्मचारी संबंधित घटनाओं की जांच कर रहे हैं और पराली जलाने वाले किसानों की पहचान की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद मामले की रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी।
प्रशासन के अनुसार, पराली जलाने से निकलने वाला धुआं वातावरण को प्रदूषित करता है। इससे लोगों के स्वास्थ्य के साथ मिट्टी की उर्वरता पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इसी को देखते हुए प्रशासन किसानों को फसल के अवशेष न जलाने और उनका उचित तरीके से प्रबंधन करने के लिए जागरूक कर रहा है।
