अमावा के ऐतिहासिक कार्तिक पूर्णिमा मेले में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, संजय सिंह चौहान ने किया निरीक्षण

पौराणिक हनुमान मंदिर में दर्शन-पूजन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की
आल्हा गायन और कठपुतली नृत्य रहे आकर्षण का केंद्र
शकील अहमद
सरोजनी नगर (लखनऊ)। ग्राम अमावा में कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर सदियों पुरानी परंपरा के तहत आयोजित ऐतिहासिक मेले में श्रद्धा और उत्साह का संगम देखने को मिला। इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता एवं उत्तर प्रदेश सहकारिता प्रकोष्ठ के सदस्य संजय सिंह चौहान ने मेले का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
उन्होंने गांव स्थित पौराणिक हनुमान मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। निरीक्षण के दौरान जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन वीरेंद्र प्रताप सिंह, डायरेक्टर बिंदादीन सिंह, मेला आयोजक राजेंद्र सिंह राजू, पूर्व ब्लॉक प्रमुख राम गोपाल सिंह, भाजपा के पूर्व सरोजनीनगर विधानसभा प्रत्याशी रंजीत बख्श सिंह सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित इस मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों की भीड़ उमड़ी। मेले में पारंपरिक लोक संस्कृति और मनोरंजन को विशेष महत्व दिया गया। आल्हा सम्राट द्वारा प्रस्तुत वीर रस से ओतप्रोत आल्हा गायन और कठपुतली का नाच सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। धार्मिक आस्था के साथ लोक कला और ग्रामीण परंपराओं की अनूठी छटा ने मेले की रौनक बढ़ाई।
संजय सिंह चौहान ने बताया सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक
वरिष्ठ भाजपा नेता संजय सिंह चौहान ने कहा कि ग्राम अमावा का ऐतिहासिक मेला हमारी सैकड़ों वर्षों पुरानी धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। ऐसे आयोजन समाज को जोड़ने के साथ ही नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से परिचित कराते हैं। इस ऐतिहासिक धरोहर को सुरक्षित रखना हम सभी का दायित्व है।
वीरेंद्र प्रताप सिंह ने परंपरा को आगे बढ़ाने पर दिया जोर
जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन वीरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि कार्तिक पूर्णिमा आस्था, श्रद्धा और सामाजिक समरसता का पर्व है। अमावा का यह विशाल मेला क्षेत्र की गौरवशाली पहचान है। इसकी परंपरा को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।
