रोबोटिक्स लैब के उद्घाटन से छात्रों के चेहरे पर खुशियों की झलक
शकील अहमद
सरोजनीनगर, लखनऊ। सरोजनीनगर के शांति नगर स्थित क्रिएटिव कॉन्वेंट कॉलेज में हर्षोल्लास के साथ रोबोटिक लैब का उद्घाटन किया गया। कॉलेज के चेयरमैन ई. योगेंद्र सचान ने दीप प्रज्ज्वलित कर मां सरस्वती की पूजा-अर्चना की और फीता काटकर रोबोटिक लैब का औपचारिक शुभारंभ किया।
इस अवसर पर ई. योगेंद्र सचान ने कहा कि कॉलेज में स्थापित लैब को शैक्षणिक ढांचे के साथ एकीकृत किया जाएगा। इसका उद्देश्य तकनीकी पहलुओं को निखारना और छात्रों में नवाचार तथा रचनात्मक सोच को बढ़ावा देना है। उन्होंने बताया कि दुनिया में तकनीक की महत्वपूर्ण भूमिका को समझते हुए और स्कूल के वातावरण में तकनीक को अपनाने की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए यह लैब छात्रों के लिए स्थापित की गई है।
प्रबंध निदेशिका ऋषिका सचान ने कहा कि रोबोटिक्स लैब का मुख्य उद्देश्य बच्चों को एआई और रोबोटिक्स के क्षेत्र में किताबी और व्यवहारिक ज्ञान प्रदान करना है। लैब में छात्र रोबोट पर चरण-दर-चरण अनुप्रयोग सीखेंगे और वास्तविक जीवन की समस्याओं के समाधान में अपनी तकनीकी समझ का प्रयोग करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने महाभारत काल के घटनाक्रम को आधुनिक युग से जोड़ते हुए प्रस्तुति दी, जिससे एआई और तकनीकी ज्ञान के सही इस्तेमाल का संदेश दिया गया। स्कूल में बच्चों को एडवांस तकनीक से पढ़ाने की शुरुआत भी इसी मौके पर की गई।
इस अवसर पर कॉलेज के शिक्षकों में संतोष कुमार, अमितेश कुमार, अलका सचान, इंद्रजीत सिंह, वीरेंद्र कुमार, पीयूष रस्तोगी, संजय शुक्ला, फैजल खान, अनुराग शर्मा समेत समस्त स्टाफ उपस्थित रहे।


















