शकील अहमद
सरोजनी नगर, लखनऊ। हिंदुजा समूह की अग्रणी कंपनी अशोक लेलैंड ने उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में स्वच्छ एवं हरित गतिशीलता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अपने अत्याधुनिक ग्रीनफील्ड वाणिज्यिक वाहन संयंत्र का भव्य उद्घाटन किया। उद्घाटन समारोह में योगी आदित्यनाथ, राजनाथ सिंह, परिवहन मंत्री दयाशंकर, सरोजनी नगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह तथा केंद्रीय भारी उद्योग एवं सार्वजनिक उद्यम मंत्री एच.डी. कुमारस्वामी बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे।
उद्घाटन अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक व वरिष्ठ मंत्री, विभिन्न देशों के राजनयिक, देश-विदेश के प्रमुख उद्योगपति, अशोक लेलैंड के वैश्विक डीलर-सप्लायर, साझेदार तथा हिंदुजा समूह का शीर्ष नेतृत्व मौजूद रहा।
इलेक्ट्रिक वाहनों पर फोकस, 5,000 वाहनों की वार्षिक क्षमता
लखनऊ हवाई अड्डे के समीप सरोजिनी नगर औद्योगिक क्षेत्र में 70 एकड़ से अधिक क्षेत्रफल में स्थापित यह संयंत्र अशोक लेलैंड का अब तक का सबसे उन्नत और टिकाऊ प्लांट माना जा रहा है। यहां मुख्य रूप से इलेक्ट्रिक बसों सहित इलेक्ट्रिक वाणिज्यिक वाहनों का निर्माण किया जाएगा। संयंत्र की वार्षिक उत्पादन क्षमता 5,000 वाहन निर्धारित की गई है।
संयंत्र में कार्यरत अधिकांश कर्मचारी उत्तर प्रदेश के स्थानीय निवासी हैं, जिनमें महिला कर्मचारियों की उल्लेखनीय भागीदारी भी देखने को मिली, जो समावेशी औद्योगिक विकास की दिशा में एक सकारात्मक संकेत है।
रोजगार, निवेश और नेट-जीरो की ओर बड़ा कदम
अशोक लेलैंड के चेयरमैन धीरज हिंदुजा ने कहा कि यह संयंत्र राज्य में रोजगार सृजन, औद्योगिक विकास और दीर्घकालिक समृद्धि को गति देगा तथा कंपनी के ‘नेट-जीरो उत्सर्जन’ लक्ष्यों की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
वहीं एमडी एवं सीईओ शेनू अग्रवाल ने उत्तर प्रदेश को हरित गतिशीलता की यात्रा का स्वाभाविक भागीदार बताते हुए कहा कि यह संयंत्र भविष्य के लिए तैयार स्वच्छ मोबिलिटी इकोसिस्टम के निर्माण में सहायक होगा।
ग्रीन फैसिलिटी की खासियत
इस ग्रीनफील्ड प्लांट में सौर ऊर्जा आधारित पैनल, ऊर्जा-कुशल एलईडी लाइटिंग, बैटरी चालित इन-प्लांट लॉजिस्टिक्स, पॉजिटिव वाटर बैलेंस व जीरो-डिस्चार्ज सिस्टम जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं शामिल हैं। यह संयंत्र उत्तर प्रदेश के ग्रीन मोबिलिटी विजन को मजबूती देने के साथ-साथ देश को स्वच्छ परिवहन की दिशा में आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगा।


















