शकील अहमद
सरोजनी नगर, लखनऊ। मकर संक्रांति के पावन अवसर पर सरोजनी नगर द्वितीय वार्ड के बदाली खेड़ा में परंपरागत खिचड़ी भोज का आयोजन श्रद्धा, उल्लास और सामाजिक सौहार्द के साथ किया गया। इस आयोजन में बड़ी संख्या में महिलाओं, स्थानीय नागरिकों एवं संगठन के पदाधिकारियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ सेक्टर संयोजक आलोक श्रीवास्तव, बूथ अध्यक्ष रितेश दुबे एवं क्षेत्रवासियों द्वारा बरमदेव बाबा की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया। पूजा के उपरांत खिचड़ी अर्पित की गई और परंपरा के अनुसार कन्याओं को पहले खिचड़ी खिलाकर सार्वजनिक खिचड़ी भोज का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर आलोक श्रीवास्तव ने कहा कि मकर संक्रांति सूर्य उपासना, दान, स्नान और पुण्य कर्मों का विशेष पर्व है। शास्त्रों के अनुसार इस दिन किया गया दान और पूजा अनेक गुना फलदायी मानी जाती है। उन्होंने कहा कि यह पर्व सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे और खुशियां बांटने का सबसे सुंदर अवसर है।
उन्होंने आगे कहा कि मकर संक्रांति जीवन में सकारात्मक परिवर्तन का संदेश देती है। जैसे सूर्य उत्तरायण की ओर अग्रसर होता है, वैसे ही हमें भी नकारात्मकता त्याग कर सत्य, प्रेम और सकारात्मक सोच की ओर बढ़ना चाहिए। इस पर्व पर शहर और गांव में खिचड़ी, तिलकुट, चिक्की की खुशबू और आसमान में रंग-बिरंगी पतंगें उल्लास का प्रतीक बनती हैं।
खिचड़ी भोज के दौरान क्षेत्र में सौहार्दपूर्ण वातावरण बना रहा और लोगों ने एक-दूसरे को मकर संक्रांति की शुभकामनाएं दीं।


















