प्रबुद्धजनों से संवाद में बोले डॉ. राजेश्वर सिंह: शिक्षा, विकास और गौसेवा से बनेगा सरोजनीनगर मॉडल

लखनऊ। सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने रविवार को शिवपुरा, बंथरा में आयोजित प्रबुद्धजन संवाद कार्यक्रम में सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि समाज के प्रबुद्ध वर्ग का चिंतन और संवाद ही नीति, शासन और विकास की दिशा तय करता है।

प्रबुद्धजन संवाद

कार्यक्रम के दौरान विधायक ने क्षेत्र के प्रबुद्धजनों को सम्मानित किया और सामाजिक, आर्थिक व राष्ट्रीय विषयों पर संवाद किया। उन्होंने कहा कि जिस दिशा में प्रबुद्ध समाज के विचार अग्रसर होते हैं, उसी दिशा में सरकारों और नीतियों की गति निर्धारित होती है।

डॉ. सिंह ने कहा कि भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और उत्तर प्रदेश 8 लाख करोड़ रुपये से अधिक के बजट तथा 11.5 प्रतिशत की आर्थिक वृद्धि दर के साथ देश के विकास में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने इसे योजनाबद्ध विकास, दूरदर्शी नीतियों, जन-सहभागिता और सकारात्मक सामाजिक सोच का परिणाम बताया।

औद्योगिक और आधारभूत विकास

उन्होंने सरोजनीनगर क्षेत्र में हो रहे औद्योगिक एवं आधारभूत विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए अशोक लीलैंड की प्रदेश की सबसे बड़ी फैक्ट्री, नौसेना शौर्य संग्रहालय, लतीफनगर गर्ल्स डिग्री कॉलेज, लखनऊ विश्वविद्यालय का एग्रीकल्चर कैंपस तथा फॉरेन लैंग्वेज यूनिवर्सिटी कैंपस को क्षेत्र के भविष्य की मजबूत आधारशिला बताया।

मेधावी सम्मान और शिक्षा पर फोकस

कार्यक्रम के दौरान हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 7 मेधावी छात्र-छात्राओं को लैपटॉप तथा 10 छात्र-छात्राओं को साइकिल प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही गजोधर प्रसाद जूनियर हाई स्कूल, पहाड़पुर में स्मार्ट क्लासरूम स्थापित करने का आश्वासन दिया गया।

डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि मेधावी विद्यार्थी क्षेत्र का भविष्य हैं और उनकी सफलता समाज को प्रेरित करती है। उन्होंने जानकारी दी कि अब तक सरोजनीनगर में 500 कंप्यूटर उपलब्ध कराकर 40 विद्यालयों में स्मार्ट क्लासेस तथा 36 संस्थानों में स्मार्ट क्लासरूम्स स्थापित किए जा चुके हैं।

उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में रोजगार का स्वरूप तेजी से बदलेगा, इसलिए बच्चों का डिजिटल रूप से सक्षम होना आवश्यक है।

गौसेवा और सांस्कृतिक दायित्व

कार्यक्रम के उपरांत विधायक शिवपुरा, बंथरा स्थित गौशाला पहुंचे और गायों को चारा खिलाया। उन्होंने कहा कि गौसेवा भारतीय संस्कृति, करुणा और संतुलन का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि सरोजनीनगर क्षेत्र की गौशालाओं के सुदृढ़ीकरण हेतु विधायक निधि से ₹12 लाख की राशि स्वीकृत कर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

कार्यक्रम में आयोजक आनंद अवस्थी, राजेश चौहान, ब्लॉक प्रमुख सुनील रावत, शिव कुमार तिवारी, आशू शुक्ला, बंथरा नगर पंचायत प्रतिनिधि रंजीत रावत, बच्चा बाजपेई, अटल बाजपेई, शिव शंकर पाण्डेय, पार्षद लवकुश रावत, प्रभाकर शुक्ला, घनश्याम पाण्डेय, बच्चन त्रिपाठी, अनु मिश्रा सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में विधायक ने सभी आयोजकों और उपस्थित नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षा, उद्योग, संस्कृति और सेवा के मूल्यों के साथ सरोजनीनगर को मॉडल विधानसभा क्षेत्र बनाने के लिए वे निरंतर प्रतिबद्ध हैं।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts