बृजमनगंज में पुलिस का फ्लैग मार्च, सुरक्षा को लेकर सख्ती

सौरभ जायसवाल

बृजमनगंज, महराजगंज। नगर क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से शनिवार की शाम पुलिस द्वारा फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च का नेतृत्व क्षेत्राधिकारी फरेंदा बसंत कुमार ने किया। इस दौरान बृजमनगंज पुलिस भारी पुलिस बल के साथ नगर के प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थलों से होकर गुजरी।

बृजमनगंज में कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस की पैदल गश्त

फ्लैग मार्च के दौरान क्षेत्राधिकारी ने स्थानीय नागरिकों से संवाद करते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की और पुलिस प्रशासन को सहयोग देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दी जाए, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

मार्च के दौरान बृजमनगंज स्थित स्टेट बैंक के मुख्य द्वार का ताला निर्धारित समय के बाद खुला पाया गया। इस पर क्षेत्राधिकारी ने बैंक प्रबंधन को सुरक्षा के दृष्टिगत शाम पांच बजे के बाद बैंक परिसर को अनिवार्य रूप से बंद रखने की सख्त हिदायत दी। उन्होंने कहा कि बैंक जैसी संवेदनशील संस्थाओं में सुरक्षा मानकों का पालन किया जाना अत्यंत आवश्यक है।

इसके अलावा सड़क किनारे एवं सार्वजनिक स्थानों पर अव्यवस्थित तरीके से खड़े वाहनों को लेकर भी सख्ती दिखाई गई। पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों को निर्देश दिया कि वे सड़क पर इधर-उधर वाहन खड़े न करें, जिससे यातायात बाधित होता है और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

फ्लैग मार्च के दौरान नगर में पुलिस की सक्रिय मौजूदगी से आमजन में सुरक्षा का संदेश गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस पहल को सराहा और कहा कि इस तरह की गतिविधियों से असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगता है।

फ्लैग मार्च में थानाध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह, वरिष्ठ उप निरीक्षक तारकेश्वर वर्मा, आलोक कुमार, गजेंद्र प्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts