सौरभ जायसवाल
बृजमनगंज (महाराजगंज)। आदर्श नगर पंचायत बृजमनगंज के वार्ड नंबर 7 में लंबे समय से नाली की सुविधा न होने के कारण स्थानीय लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। इस समस्या के समाधान की दिशा में सोमवार को महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए श्रीराम वर्मा के घर से पप्पू गुप्ता के घर तक नाला निर्माण कार्य का शुभारंभ भूमि पूजन के साथ किया गया।
भूमि पूजन कार्यक्रम नगर पंचायत अध्यक्ष राकेश जायसवाल द्वारा प्रशासनिक अधिकारी सुरभि मिश्रा की देखरेख में संपन्न कराया गया। इस दौरान नगर अध्यक्ष ने कहा कि क्षेत्र में जल निकासी की समस्या को देखते हुए नाला निर्माण कार्य शुरू कराया गया है, जिससे स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
उन्होंने बताया कि बरसात के दिनों में जलभराव की समस्या के कारण लोगों को आने-जाने में काफी कठिनाई होती थी। नाला निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद पानी की निकासी सुचारु रूप से हो सकेगी और क्षेत्र में साफ-सफाई व्यवस्था भी बेहतर होगी।
नगर अध्यक्ष ने संबंधित ठेकेदार को निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्य को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान झिनक विश्वकर्मा, धर्मेंद्र चौरसिया, झिनक चौधरी, मुकेश यादव, हरिश्चंद्र यादव, दीपक कुमार, सागर कनौजिया, संतोष जायसवाल, मोदी, चंद्रशेखर गुप्ता सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
नाला निर्माण कार्य शुरू होने से क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है और उन्होंने नगर पंचायत प्रशासन के इस कदम की सराहना की है।


















