2 साल बाद पुलिस के हत्थे चढ़ा ट्रक लूटकर गेहूं बेचने वाला आरोपी

सौरभ जायसवाल

बृजमनगंज (महराजगंज)। दो वर्ष पूर्व 380 क्विंटल गेहूं से लदे ट्रक को अगवा कर बेचने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को बृजमनगंज पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व, अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी फरेन्दा के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। मामले में न्यायालय द्वारा जारी एनबीडब्ल्यू (गैर जमानती वारंट) के आधार पर आरोपी को पकड़ा गया।

गिरफ्तार अभियुक्त शिवेश द्विवेदी निवासी कटका, थाना कैंट, जनपद गोरखपुर है। पुलिस के अनुसार वर्ष 2024 में उसने 380 क्विंटल गेहूं से लदे ट्रक को धोखे से लेकर फरार हो गया था और बाद में संतकबीर नगर जिले में करीब 9 लाख 32 हजार रुपये में बेच दिया था। इस संबंध में थाना बृजमनगंज में मुकदमा दर्ज किया गया था।

थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ न्यायालय से गैर जमानती वारंट जारी कराया गया था। जिसके बाद पुलिस टीम ने 1 अप्रैल की शाम करीब 6 बजे उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक आलोक यादव, उपनिरीक्षक गजेन्द्र प्रताप सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *