रायबरेली: सई नदी में युवक के डूबने की सूचना पर पहुंचे पूर्व विधायक राकेश सिंह, तलाश अभियान तेज कराने की पहल

- कलश यात्रा के बाद जल भरने गया 22 वर्षीय अंकुल नदी में डूबा, पुलिस और एसडीआरएफ की टीम तलाश में जुटी
रायबरेली। गुरुबख्शगंज थाना क्षेत्र के पूरे कोइली मजरे कोरिहर गांव में भागवत कथा से पूर्व निकाली गई कलश यात्रा के दौरान बड़ा हादसा हो गया। शनिवार को कलश यात्रा के बाद 22 वर्षीय अंकुल सिरसा घाट पर सई नदी में जल भरने गया था। इसी दौरान सीढ़ियों पर पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया और नदी में डूब गया। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई।
हृदयविदारक घटना की सूचना मिलते ही पूर्व विधायक राकेश सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने युवक की तलाश के लिए गोताखोरों को बुलवाने में पहल की तथा रेस्क्यू अभियान में तेजी लाने के लिए संबंधित लोगों से बातचीत की। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से भी घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने की अपेक्षा जताई।
पूर्व विधायक राकेश सिंह ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए भरोसा दिलाया कि युवक के परिवार को प्रशासन की ओर से हरसंभव आर्थिक सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में पीड़ित परिवार अकेला नहीं है और उसकी मदद के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
घटना के बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम भी तलाश अभियान में जुटी हुई है। युवक की तलाश जारी है। इस दुखद घटना से पूरे गांव में शोक और चिंता का माहौल है।
रिपोर्ट: अतुल जौहरी