सौरभ जायसवाल
बृजमनगंज (महराजगंज)। आगामी चैत्र नवरात्रि पर्व को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने लेहड़ा मंदिर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंदिर परिसर में दर्शन व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण की तैयारियों को परखा और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग व्यवस्था
डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मंदिर में दर्शन के लिए महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग प्रवेश और निकास द्वार बनाए जाएं, ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके और अव्यवस्था न हो।
साफ-सफाई और सुविधाओं पर जोर
जिलाधिकारी ने बीडीओ और ईओ बृजमनगंज को मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में पर्याप्त साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही ईओ को मोबाइल शौचालय और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था कराने को कहा गया।
अतिक्रमण हटाने के निर्देश
मंदिर मार्ग पर संभावित भीड़ को देखते हुए डीएम ने अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को आने-जाने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर जोर
पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने सीओ फरेंदा को पार्किंग और बैरिकेडिंग की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से नवरात्रि के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को ध्यान में रखते हुए महिला सुरक्षा के लिए अतिरिक्त इंतजाम करने को कहा। ।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम फरेंदा शैलेंद्र गौतम, सीओ अनिरुद्ध कुमार, बीडीओ सच्चिदानंद शुक्ला, थानाध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
प्रशासन का उद्देश्य है कि चैत्र नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुविधाजनक दर्शन का अनुभव मिल सके।


















