महराजगंज में अफीम की अवैध खेती का भंडाफोड़, पुलिस ने 450 पौधों के साथ आरोपी को किया गिरफ्तार

सौरभ जायसवाल

बृजमनगंज (महराजगंज)। थाना क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस और एसओजी टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अफीम की अवैध खेती करने के मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है और खेत से बड़ी संख्या में अफीम के पौधे बरामद किए हैं।

जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम खड़खोड़ा में एक खेत में अवैध रूप से अफीम की खेती की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसओजी टीम और थाना बृजमनगंज पुलिस ने संयुक्त रूप से शनिवार को मौके पर दबिश दी।

दबिश के दौरान पुलिस ने खेत की तलाशी ली तो वहां अफीम के करीब 450 पौधे लगे हुए पाए गए। जांच के दौरान इन पौधों में कुल 520 सदर फल (पोस्ता फल) भी मिले, जिनसे मादक पदार्थ तैयार किया जा सकता था।

मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मौके से रामनरेश पुत्र रामाश्रय निवासी ग्राम खड़खोड़ा थाना बृजमनगंज, जनपद महराजगंज को गिरफ्तार कर लिया।

थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने बताया कि बरामद अफीम के पौधों को फिलहाल खेत में ही सुरक्षित रखते हुए निगरानी के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। न्यायालय से आवश्यक आदेश प्राप्त होने के बाद इन पौधों को विधिवत नष्ट किया जाएगा।

पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबार और मादक पदार्थों की खेती के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। इस तरह की गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *