शकील अहमद
लखनऊ। सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र को एक बड़ी सौगात मिली है। उत्तर रेलवे के सुल्तानपुर-उतरेठिया रेल खंड पर साउथ सिटी और रजनीखंड के बीच रेलवे लाइन पर ₹157 करोड़ की लागत से 2-लेन रेल उपरिगामी सेतु (आरओबी) निर्माण को मंजूरी मिल गई है।
इस परियोजना के लिए क्षेत्रीय विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार जताया है।
विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि इस महत्वपूर्ण परियोजना से रायबरेली रोड पर ट्रैफिक का दबाव काफी हद तक कम होगा। साथ ही सरोजनीनगर क्षेत्र में एसजीपीजीआई और तेलीबाग के आसपास स्थित सैकड़ों कॉलोनियों में रहने वाले लाखों लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
उन्होंने बताया कि इस आरओबी निर्माण की मांग लंबे समय से क्षेत्रवासियों द्वारा की जा रही थी। विशेष रूप से कर्नल सत्येंद्र सिंह और स्थानीय नागरिक लगातार इस मुद्दे को उठा रहे थे। अब इस परियोजना को स्वीकृति मिलना जनभावनाओं का सम्मान है।
डॉ. सिंह ने कहा कि यह सेतु बनने से न केवल आवागमन सुगम और सुरक्षित होगा, बल्कि जाम की समस्या से भी लोगों को राहत मिलेगी। उन्होंने इसे आधुनिक और मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर की दिशा में एक अहम कदम बताया।
उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में तेजी से हो रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि सरकार जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लगातार काम कर रही है।
अंत में विधायक ने इस जनोपयोगी योजना के लिए मुख्यमंत्री के प्रति पुनः आभार व्यक्त किया।


















