अवध कॉलेज के सामने मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, सरोजनी नगर पुलिस पहचान में जुटी

[post-views]
  • सुबह कंट्रोल रूम को मिली सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया

शकील अहमद

सरोजनी नगर (लखनऊ)। सरोजनी नगर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह अवध कॉलेज के सामने एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही मृतक की शिनाख्त कराने के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं।

पुलिस के अनुसार शनिवार सुबह करीब 8:45 बजे कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि अवध कॉलेज के सामने स्थित पिलर के नीचे एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही उप निरीक्षक उत्कर्ष त्रिपाठी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उनके साथ उप निरीक्षक चंद्रभान सिंह एवं कांस्टेबल सतेंद्र कुमार भी मौजूद रहे।

मौके पर पहुंचकर पुलिस ने देखा कि करीब 50 वर्षीय एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा हुआ था। प्रारंभिक जांच में उसके शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए। पुलिस ने मृतक की जेब और पहने हुए कपड़ों की तलाशी ली, लेकिन कोई पहचान संबंधी दस्तावेज बरामद नहीं हुआ।

पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों को शव का फोटो दिखाकर पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। इसके बाद एंबुलेंस की सहायता से शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सरोजनी नगर भेजा गया, जहां आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पंचनामा की कार्रवाई की गई। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

पुलिस का कहना है कि मृतक की पहचान कराने के प्रयास लगातार जारी हैं। शिनाख्त होने के बाद ही मौत के कारणों और उससे जुड़ी परिस्थितियों के संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts