- डीएम सरनीत कौर ब्रोका ने अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश
रायबरेली। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में तहसील ऊँचाहार में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनसामान्य की शिकायतों का स्थानीय स्तर पर समाधान किया जाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से तहसीलों एवं थानों में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया जाता है, ताकि नागरिक अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों के समक्ष रखकर उनका समाधान प्राप्त कर सकें।
उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी लंबित मामलों का निस्तारण एक सप्ताह के भीतर किया जाए। यदि किसी शिकायत के निस्तारण में कोई व्यावहारिक समस्या हो तो उसका स्पष्ट कारण संबंधित पक्ष को अवगत कराया जाए।
जिलाधिकारी ने बताया कि तहसील ऊँचाहार में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में राजस्व विभाग की 46, पुलिस विभाग की 22, विकास विभाग की 02, विद्युत विभाग की 02, बैंक की 01, समाज कल्याण विभाग की 01, चकबंदी विभाग की 01, पूर्ति विभाग की 05, नगर पंचायत की 01 तथा एनएचआई की 01 शिकायत सहित कुल 82 प्रकरण प्राप्त हुए। इनमें से 06 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को इस निर्देश के साथ भेजा गया कि उनका निस्तारण एक सप्ताह के भीतर सुनिश्चित किया जाए।
पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने भी पुलिस से संबंधित शिकायतों को सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी ऊँचाहार विवेक राजपूत, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी अरविन्द कुमार, परियोजना निदेशक डीआरडीए मुनेश चन्द्र, तहसीलदार आकांक्षा दीक्षित सहित संबंधित जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।













