- सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से कार्रवाई, बरामद मोबाइलों की कीमत करीब 1.20 लाख रुपये
शकील अहमद
सरोजनीनगर (लखनऊ)। पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ द्वारा अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सरोजनीनगर पुलिस एवं सर्विलांस सेल जोन-दक्षिणी की संयुक्त टीम ने मोबाइल चोरी की वारदात का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 1.20 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस आयुक्त तरुण गाबा एवं संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध एवं मुख्यालय) अपर्णा कुमार के निर्देश पर पुलिस उपायुक्त (दक्षिणी) मो. मुश्ताक के पर्यवेक्षण, अपर पुलिस उपायुक्त रल्लापल्ली वसंथ कुमार तथा सहायक पुलिस आयुक्त कृष्णानगर अभिषेक कुमार पाण्डेय के मार्गदर्शन में प्रभारी निरीक्षक सरोजनीनगर राजदेव प्रजापति के नेतृत्व में गठित टीम एवं सर्विलांस सेल ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार त्रिमूर्ति नगर फेस-1 निवासी राघवेन्द्र प्रताप शाही तथा शिवपुरी हैडिल कॉलोनी निवासी रामप्रताप सिंह ने गौरी बाजार से मोबाइल चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने करीब 50 से 60 सीसीटीवी फुटेज तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया। इसके आधार पर पुलिस ने कैलाश विहार मोड़ के पास से संजय महतो और ताजुद्दीन को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि उनकी मुलाकात चारबाग रेलवे स्टेशन पर हुई थी। इसके बाद वे विभिन्न बाजारों में ग्राहक बनकर भीड़ का फायदा उठाते हुए लोगों के मोबाइल चोरी करते थे और बाद में उन्हें राहगीरों को बेचकर रुपये आपस में बांट लेते थे।
गिरफ्तार आरोपियों में झारखंड के साहिबगंज निवासी संजय महतो तथा लखनऊ के खदरा निवासी ताजुद्दीन शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, संजय महतो के विरुद्ध लखनऊ, बाराबंकी, वाराणसी और रांची सहित विभिन्न स्थानों पर चोरी, आर्म्स एक्ट एवं अन्य मामलों में कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
बरामद मोबाइल फोन में एक आईफोन 11 प्रो, एक रियलमी, एक ओप्पो तथा एक वीवो मोबाइल शामिल हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।













