बृजमनगंज नगर पंचायत की ईओ सुरभि मिश्रा का तबादला, पंकज कुमार को मिली नई जिम्मेदारी

तीन वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के बाद हुआ स्थानांतरण, सिद्धार्थनगर की नगर पंचायत भारतभारी भेजी गईं सुरभि मिश्रा
सौरभ जायसवाल
बृजमनगंज (महराजगंज)। बृजमनगंज नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी (ईओ) सुरभि मिश्रा का दूसरे जिले में तबादला हो गया है। शासन की स्थानांतरण नीति के तहत तीन वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के बाद उनका स्थानांतरण किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुरभि मिश्रा को सिद्धार्थनगर जनपद की नगर पंचायत भारतभारी में प्रशासकीय अधिकारी के पद पर भेजा गया है। उनके स्थान पर पंकज कुमार को बृजमनगंज नगर पंचायत का नया अधिशासी अधिकारी नियुक्त किया गया है। बताया जा रहा है कि पंकज कुमार इससे पहले नगर पंचायत मेंहदावल में कार्यरत थे।
सुरभि मिश्रा के तबादले की जानकारी मिलने पर नगर पंचायत के कर्मचारियों ने उनके साथ काम करने के अनुभव साझा किए। कर्मचारियों ने कहा कि सुरभि मिश्रा जैसी अधिकारी के साथ काम करना उनके लिए गर्व की बात रही। उन्होंने उनके सरल व्यवहार और ईमानदार कार्यशैली को याद करते हुए नए कार्यक्षेत्र के लिए शुभकामनाएं दीं।
