बृजमनगंज, महराजगंज। बृजमनगंज पुलिस ने मंगलवार को एक अंतर्जनपदीय बाइक चोर गिरोह का खुलासा करते हुए चार शातिर चोरों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने इनके कब्जे से विभिन्न स्थानों से चोरी की गई तीन बाइकें तथा भारी मात्रा में ऑटो मोटर पार्ट्स बरामद किए हैं।
मामले का खुलासा करते हुए पुलिस क्षेत्राधिकारी बसंत कुमार सिंह ने बताया कि थानाध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह सोमवार की रात अपनी टीम के साथ फरेंदा रोड स्थित वनगढ़िया तिराहे पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान स्वाट टीम प्रभारी अखिलेश प्रताप सिंह भी मौके पर पहुंच गए।
चेकिंग के दौरान एक बाइक पर सवार तीन संदिग्ध व्यक्तियों को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन वे भागने लगे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीनों को दौड़ाकर पकड़ लिया।
पूछताछ में बाइक का पंजीकरण नंबर किसी अन्य व्यक्ति के नाम पाया गया। सख्ती से पूछताछ करने पर बाइक चोरी की निकली। आगे की पूछताछ में अभियुक्त इरफान ने सिद्धार्थनगर जनपद के उसका राजा क्षेत्र में स्थित नेशनल मोटर पार्ट्स के मालिक पंकज कुमार का नाम बताया, जो चोरी की बाइकें खरीदकर उन्हें काटने और उनके पार्ट्स बेचने का कार्य करता था।
पुलिस ने इस मामले में तीन बाइकें, चार इंजन-चेसिस, पैनल, यूटिलिटी बॉक्स, चेन कवर, नंबर प्लेट सहित अन्य मोटर पार्ट्स बरामद किए हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान इरफान उर्फ गुड्डू पुत्र इल्ताफ अली निवासी नगवा करछुलिया थाना उसका बाजार, जनपद सिद्धार्थनगर, प्रेम यादव पुत्र सुरेश यादव निवासी बैरवा बनकटवा थाना नौतनवा, जनपद महराजगंज, दीपक गुप्ता पुत्र राजदेव गुप्ता निवासी उटिया, थाना उसका बाजार जनपद सिद्धार्थनगर व तौफीक उर्फ वाजिद, निवासी परसोहिया मोहल्ला, थाना नौतनवा, जनपद महराजगंज के रूप में हुई है। सभी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह, उपनिरीक्षक गजेंद्र प्रताप सिंह, तारकेश्वर वर्मा, आलोक कुमार, देवमणि, रजनीश, बृजेश, अरविंद तथा स्वाट टीम प्रभारी अखिलेश प्रताप सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।


















