मारपीट की घटना में आठ आरोपियों पर मुकदमा दर्ज

- जीरामजी योजना से मेड़बंदी कार्य के दौरान श्रमिक पर हुआ जानलेवा हमला
खीरों, रायबरेली। थाना क्षेत्र के अंतर्गत कालूपुर गांव में बारात घर व आंगनबाड़ी केंद्र के निर्माण के लिए प्रस्तावित भूमि की मेड़बंदी का कार्य होना है। गांव के कुछ दबंग पिछले काफी समय से लगातार सरकारी काम में रोक लगा रहे हैं। बुधवार को बीडीओ के आदेश पर मेड़बंदी का काम जीरामजी योजना के तहत शुरू किया गया। इस दौरान गांव निवासी आठ दबंगों ने जीरामजी श्रमिकों पर हमला बोल दिया।
मामले में गांव निवासी एक अधेड़ श्रमिक ने आठ लोगों के विरुद्ध पुलिस को तहरीर देते हुए आरोप लगाया कि सभी आरोपियों ने मिलकर लाठी डंडों व कुल्हाड़ी से उस पर जानलेवा हमला बोल दिया। जिसमें उसे गंभीर चोटें आईं। बीच बचाव करने गए अधेड़ का पुत्र घटना में घायल हो गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दिया।
कालूपुर निवासी शिवबोधन यादव पुत्र राजाराम ने पुलिस को घटना की तहरीर देते हुए बताया कि जीरामजी से मेड़बंदी का काम करने के दौरान गांव निवासी बलिकरन, रामविशाल, वासुदेव व उमानाथ पुत्रगण रामप्यारे, विवेक यादव पुत्र रामविशाल, पुष्पेंद्र यादव पुत्र वासुदेव यादव, चंद्रभान पुत्र उमानाथ यादव व अजय पुत्र राजेंद्र यादव सभी ने एक राय होकर पीड़ित को लाठी-डंडों से जमकर पीटा।
उस पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। जिसमें उसे गंभीर चोटें आईं। पीड़ित का आरोप है कि मारपीट में बीच बचाव करने गया उसका पुत्र जितेंद्र व प्रशासक प्रतिनिधि दोनों घायल हो गए। मारपीट के दौरान पीड़ित के पुत्र जितेंद्र का मोबाइल गिर गया।
प्रभारी एसआई कुलदीप सिंह बुंदेला ने बताया कि घायलों का मेडिकल परीक्षण सीएचसी में कराया गया है। तहरीर के आधार पर घटना का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
काम रोकने की मंशा से पहुंचे दबंग
कालूपुर गांव में बारात घर व आंगनबाड़ी केंद्र के लिए प्रस्तावित भूमि की मेड़बंदी का कार्य जीरामजी योजना के तहत चल रहा था, तभी अचानक दबंगों ने श्रमिक पर जानलेवा हमला किया।