चिरमिरी को ₹602 करोड़ की नई रेल परियोजना की सौगात, पाराडोल–नागपुर रोड ब्रॉडगेज लाइन के लिए टेंडर जारी

[post-views]
  • स्थानीय विधायक एवं प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के प्रयासों से क्षेत्र के विकास को मिलेगी नई रफ्तार
  • दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने ई-टेंडर किया जारी, नई रेल लाइन से एमसीबी जिले की कनेक्टिविटी, उद्योग और व्यापार को मिलेगा बढ़ावा

आर स्टीफ़न ( स्टेट हेड)

एमसीबी। छत्तीसगढ़ के चिरमिरी क्षेत्र को जल्द ही बेहतर रेल कनेक्टिविटी की बड़ी सौगात मिलने जा रही है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (एसईसीआर) ने पाराडोल से नागपुर रोड स्टेशन तक नई ब्रॉडगेज सिंगल रेल लाइन बिछाने तथा मौजूदा बोरीडांड–चिरमिरी लाइन के स्लूइंग कार्य के लिए ई-निविदा (ई-टेंडर) आमंत्रित कर दी है। ईपीसी मोड पर प्रस्तावित इस महत्वाकांक्षी परियोजना की अनुमानित लागत लगभग ₹601.90 करोड़ है तथा इसे दो वर्ष (730 दिन) में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

यह परियोजना मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले से जुड़ी है, जो प्रदेश के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल का गृह क्षेत्र है। लंबे समय से इस अंचल के लोग बेहतर रेल सुविधा की मांग करते रहे हैं। नई लाइन बनने से चिरमिरी और आसपास के क्षेत्रों की रेल पहुंच अधिक सुगम होगी, जिससे यात्रियों के साथ-साथ इस कोयला-समृद्ध क्षेत्र के औद्योगिक एवं व्यापारिक आवागमन को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

क्या है परियोजना

यह कार्य पाराडोल टेकऑफ पॉइंट (किमी 947.257) से नागपुर रोड स्टेशन (किमी 964.820) तक नई ब्रॉडगेज सिंगल रेल लाइन के निर्माण से संबंधित है। इसके साथ ही मौजूदा बोरीडांड–चिरमिरी लाइन के किमी 946.640 से 947.257 के बीच स्लूइंग (लाइन को नई दिशा में जोड़ने) का कार्य भी किया जाएगा। नई रेल लाइन की कुल लंबाई करीब 17.5 किलोमीटर होगी।

परियोजना के अंतर्गत केवल रेल पटरी बिछाने का कार्य ही नहीं, बल्कि बड़े पुल, रोड ओवर ब्रिज (आरओबी), रोड अंडर ब्रिज (आरयूबी), एक वायाडक्ट पुल, सिग्नल एवं दूरसंचार प्रणाली, ऑप्टिकल फाइबर केबल तथा विद्युतीकरण जैसे आधुनिक कार्य भी शामिल हैं। इसके अलावा नई चिरमिरी स्टेशन, पाराडोल जंक्शन और नागपुर रोड स्टेशन से जुड़े निर्माण कार्य भी इसी परियोजना का हिस्सा होंगे, जिससे पूरा रेल खंड आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा।

क्षेत्र के विकास को मिलेगी रफ्तार

स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि इस नई रेल लाइन के बनने से चिरमिरी और एमसीबी जिले की देश के अन्य हिस्सों से रेल कनेक्टिविटी और मजबूत होगी। कोयला एवं खनिज परिवहन को नई दिशा मिलेगी, जिससे स्थानीय उद्योगों और व्यापार को बढ़ावा मिलेगा।

निर्माण कार्य के दौरान रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे तथा बेहतर रेल सुविधा से आम लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र में पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने इस परियोजना को क्षेत्र के समग्र विकास के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि रेल कनेक्टिविटी को और बेहतर बनाने के लिए भविष्य में भी लगातार प्रयास किए जाएंगे।

स्थानीय जनता में उत्साह

परियोजना को लेकर क्षेत्र के लोगों में उत्साह का माहौल है। लंबे समय से लंबित रेल विस्तार की दिशा में इसे एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जो आने वाले वर्षों में चिरमिरी अंचल के विकास में अहम भूमिका निभा सकता है।

मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले के लोगों ने इस परियोजना का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि बताया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्षों पुरानी मांग अब साकार होती दिखाई दे रही है। साथ ही कई लोगों ने इस दिशा में प्रदेश के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की पहल और प्रयासों की सराहना भी की।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts