सौरभ जायसवाल
बृजमनगंज, महराजगंज। बृजमनगंज थाना क्षेत्र के फुलमनहा ग्राम पंचायत अंतर्गत जगदेवपुर गांव में गुरुवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अराजकतत्वों ने एक स्थानीय व्यापारी पर हमला करने का प्रयास किया। घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों और ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जगदेवपुर निवासी प्रदीप सहानी मामी चौराहे पर मोबाइल की दुकान संचालित करते हैं। उनके चाचा भुलई सहानी की भी उसी चौराहे पर हार्डवेयर की दुकान है। गुरुवार रात करीब आठ बजे प्रदीप सहानी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान इसरीवर तिराहे के पास दो बाइकों पर सवार चार अराजकतत्वों ने उन्हें घेर लिया और हमला करने की कोशिश की।
हमलावरों के घेरने पर प्रदीप सहानी ने शोर मचाया, जिससे आसपास के ग्रामीण मौके पर जुटने लगे। ग्रामीणों की भीड़ बढ़ते देख अराजकतत्व जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। इसके बाद वही लोग मामी चौराहे पर पहुंचे और दुकान बंद कर रहे प्रदीप के चाचा भुलई सहानी को भी घेरने का प्रयास किया। यहां भी दुकानदारों और स्थानीय लोगों के एकत्र होने पर हमलावर भाग खड़े हुए।
घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। इस संबंध में उपनिरीक्षक आलोक यादव ने बताया कि पीड़ित की तहरीर प्राप्त कर ली गई है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके।
लगातार हो रही इस तरह की घटनाओं से क्षेत्रीय व्यापारियों में गहरा रोष है। व्यापारियों और ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो अराजकतत्वों के हौसले और बढ़ सकते हैं।


















