सौरभ जायसवाल
बृजमनगंज (महराजगंज)। आलमाइटी पब्लिक इंटर कॉलेज, बृजमनगंज के प्रांगण में इंटरमीडिएट एवं हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं के सम्मान में भव्य समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर मेधावी विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावकों को भी सम्मानित किया गया।
हाईस्कूल परीक्षा में दीपिका विश्वकर्मा (पुत्री दीनानाथ विश्वकर्मा) ने 91 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। शहजाद खान (90.5%) द्वितीय, अनिरुद्ध प्रजापति (90%) तृतीय, तुबा बानो (89.83%) चतुर्थ तथा संजना जायसवाल (89.33%) पांचवें स्थान पर रहीं।
इंटरमीडिएट में आदित्य कुमार (पुत्र दूधनाथ) ने 87.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। उम्मे कुलसुम (84.4%) द्वितीय, स्नेहलता (84%) तृतीय, सना परवीन (83.6%) चतुर्थ तथा मुस्कान वर्मा (83.4%) पांचवें स्थान पर रहीं।
समारोह में विद्यालय के प्रबंधक महमूद आलम एवं प्रधानाचार्य सुनील कुमार ने मेधावी छात्र-छात्राओं को माल्यार्पण कर सम्मानित किया तथा उनके अभिभावकों को अंगवस्त्र भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रबंधक महमूद आलम ने कहा कि यह सफलता विद्यालय के बेहतर प्रबंधन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि यह उपलब्धि अंतिम लक्ष्य नहीं, बल्कि सफलता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। निरंतर मेहनत और ईमानदारी से प्रयास करते रहने पर ही जीवन में सफलता प्राप्त की जा सकती है।
प्रधानाचार्य सुनील कुमार ने भी सभी मेधावी छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह और गर्व का माहौल देखने को मिला।


















