बृजमनगंज में पानी की टंकी विवाद की जांच, एसडीएम ने दिए बड़े निर्देश

सौरभ जायसवाल

बृजमनगंज (महराजगंज)। आदर्श नगर पंचायत बृजमनगंज के स्वामी विवेकानंद नगर वार्ड में निर्माणाधीन पानी की टंकी को लेकर उठी शिकायत की जांच करने शनिवार को उपजिलाधिकारी फरेंदा शैलेंद्र कुमार गौतम मौके पर पहुंचे। शिकायत में धार्मिक महत्व की भूमि और खलिहान पर टंकी निर्माण का आरोप लगाया गया था।

उपजिलाधिकारी ने मौके पर शिकायतकर्ता एवं ग्रामीणों को बुलाकर भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया और लेखपाल से अभिलेखों के आधार पर जांच कराई। जांच में पाया गया कि शिकायत पत्र में लगाए गए आरोप, विशेषकर धार्मिक भूमि से संबंधित, तथ्यात्मक रूप से सही नहीं थे।

हालांकि खलिहान भूमि को लेकर स्थिति स्पष्ट होने के बाद उपजिलाधिकारी ने नगर पंचायत को निर्देशित किया कि खलिहान की भूमि को छोड़कर निर्धारित स्थान पर ही पानी की टंकी का निर्माण कराया जाए।

उन्होंने शिकायतकर्ता को चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में सरकारी कार्यों में अनावश्यक बाधा उत्पन्न करने या भ्रामक शिकायत करने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

एसडीएम शैलेंद्र कुमार गौतम ने बताया कि वार्ड नंबर-4 स्वामी विवेकानंद नगर की सभासद कंचनलता यादव एवं उनके प्रतिनिधि द्वारा 15 अप्रैल को जिलाधिकारी महराजगंज को शिकायत पत्र देकर जांच की मांग की गई थी। उसी क्रम में मौके पर जांच कर आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

इस दौरान थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह, लेखपाल अमरेश कुमार, उपनिरीक्षक निरंजन राय, राजेंद्र प्रसाद चौधरी सहित अन्य अधिकारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts