सौरभ जायसवाल
बृजमनगंज, महाराजगंज। बृजमनगंज थाना परिसर में स्थापित मनोकामना भगवान हनुमान मंदिर की प्रथम वर्षगांठ से एक दिन पूर्व मंगलवार को धार्मिक श्रद्धा और भक्ति भाव का वातावरण देखने को मिला। इस अवसर पर थानाध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह ने अपनी धर्मपत्नी किरन सिंह के साथ भगवान हनुमान की विधिवत पूजा-अर्चना की।
पूजन कार्यक्रम के उपरांत थाना परिसर में 24 घंटे के अखंड रामायण पाठ का शुभारंभ किया गया। थानाध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह मुख्य यजमान के रूप में उपस्थित रहे, जहां ब्राह्मणों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विधिविधान से पूजा संपन्न कराई गई। इसके बाद अखंड रामायण पाठ प्रारंभ हुआ, जिसमें श्रद्धालु भक्तों की सहभागिता रही।
15 जनवरी को होगा पूर्णाहुति व सहभोज
थानाध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि 15 जनवरी को मनोकामना भगवान हनुमान मंदिर की प्रथम वर्षगांठ मनाई जाएगी। अखंड रामायण पाठ की पूर्णाहुति के पश्चात सहभोज एवं प्रसाद वितरण का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने क्षेत्र के सभी समाज के लोगों से अपील की कि वे 15 जनवरी को दोपहर 1 बजे थाना परिसर पहुंचकर प्रसाद ग्रहण करें और भगवान हनुमान का आशीर्वाद प्राप्त करें। कार्यक्रम को लेकर थाना परिसर में विशेष व्यवस्था की गई है।


















