रायबरेली। जनपद के जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय, सलोन में बुधवार को नवनिर्मित शिक्षण कक्षों का लोकार्पण किया गया। जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने फीता काटकर नवीन कक्षों का उद्घाटन किया और विद्यार्थियों से संवाद भी किया।

जिलाधिकारी ने बताया कि 3 अगस्त 2024 को विद्यालय के निरीक्षण के दौरान कक्षा 6 से 8 तक संचालित कक्षाओं का भवन अत्यंत जर्जर अवस्था में पाया गया था। इसके बाद कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के अंतर्गत इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के सहयोग से 49.74 लाख रुपये की लागत से तीन नए शिक्षण कक्ष और शौचालय निर्माण का प्रोजेक्ट स्वीकृत कराया गया।
निर्माण कार्य के लिए 11 फरवरी 2025 को भूमि पूजन किया गया था, जिसके बाद निर्माण प्रक्रिया पूरी कर आज इन कक्षों को विद्यार्थियों को समर्पित किया गया।

इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सलोन चन्द्र प्रकाश गौतम, जिला विकास अधिकारी अरुण कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी सृष्टि अवस्थी, इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के प्रतिनिधि बीएल पाल एवं संजीव राय सहित विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी और विद्यार्थी उपस्थित रहे।
नए कक्षों के निर्माण से विद्यालय में पढ़ने वाले छात्रों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा।


















