सौरभ जायसवाल
बृजमनगंज (महराजगंज)। नगर पंचायत बृजमनगंज में स्वच्छता और कचरा निस्तारण को बेहतर बनाने के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
इस अभियान के तहत नगरवासियों को गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने के लिए प्रेरित किया जा रहा है, जिससे साफ-सफाई के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिल सके।
यह अभियान बाबा रामचरण दास विकास समिति के तत्वावधान में संचालित हो रहा है। समिति की महिलाओं ने घर-घर जाकर लोगों को कचरा प्रबंधन के बारे में जागरूक किया और उन्हें अपशिष्ट पृथक्करण की जानकारी दी।
अधिशासी अधिकारी सुरभि मिश्रा ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को घर से निकलने वाले कचरे को सही तरीके से अलग करना सिखाना है। उन्होंने कहा कि गीले कचरे से जैविक खाद बनाने की विधि भी लोगों को बताई जा रही है, जिससे कचरे की मात्रा कम होगी और पर्यावरण को लाभ मिलेगा।
वहीं, नगर पंचायत अध्यक्ष राकेश जायसवाल ने बताया कि जब कचरा अलग-अलग एकत्रित किया जाएगा तो उसे एमआरएफ (Material Recovery Facility) सेंटर पर आसानी से प्रोसेस किया जा सकेगा, जिससे नगर की सफाई व्यवस्था और बेहतर होगी।
अभियान के दौरान अवधेश कुमार, पूजा, प्रियंका और दुर्गावती सहित टीम के सदस्यों ने उन घरों को चिन्हित करते हुए स्टीकर लगाए, जहां लोग कचरे को अलग-अलग एकत्रित कर रहे हैं।
नगर पंचायत का यह प्रयास लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ “स्वच्छ नगर – स्वस्थ जीवन” की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें: इन 3 नामों पर लगी मुहर, अब बदलेगा पूरे नगर का समीकरण


















