रायबरेली। जनपद में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। टीम ने बछरावा थाना क्षेत्र में दबिश देकर 42 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की और करीब 250 किलो लहन मौके पर ही नष्ट कर दिया।
यह कार्रवाई जिलाधिकारी हर्षिता माथुर के निर्देश पर संचालित प्रवर्तन अभियान के अंतर्गत की गई। जिला आबकारी अधिकारी के नेतृत्व में आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-2 रोबिन आर्य ने अपनी टीम के साथ महाराजगंज तहसील के थाना बछरावा अंतर्गत ग्राम टेरा बरौला और कंजहा में संदिग्ध स्थानों पर दबिश दी।
दबिश के दौरान अवैध रूप से कच्ची शराब तैयार किए जाने की सामग्री बरामद हुई। अधिकारियों ने बताया कि कुल 42 लीटर कच्ची शराब जब्त की गई, जबकि 250 किलो लहन (शराब बनाने में प्रयुक्त सामग्री) को मौके पर नष्ट कर दिया गया।
इस संबंध में आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में दो अभियोग पंजीकृत किए गए हैं। विभागीय अधिकारियों ने कहा है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।


















