- ग्राम प्रधान प्रतिनिधि मोहित सिंह के नेतृत्व में हुआ आयोजन, सुंदरकांड पाठ और पूजा-अर्चना के बाद भक्तों में बांटा गया प्रसाद
शकील अहमद
सरोजनीनगर (लखनऊ)। ज्येष्ठ माह के बड़े मंगलवार की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए सरोजनीनगर क्षेत्र के पिपरसंड ग्रामसभा स्थित संकट मोचन श्री बालाजी महाराज मंदिर परिसर में शनिवार को विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि मोहित सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम की शुरुआत सुंदरकांड पाठ एवं भगवान श्रीराम और बजरंगबली की विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच भंडारे का प्रसाद वितरित किया गया। आयोजन में प्रसाद के रूप में शरबत, पूड़ी-सब्जी, बूंदी और फल की व्यवस्था की गई थी।
भंडारे के आयोजन में वरिष्ठ समाजसेवी शिव कुमार ‘चाचू’, कीर्तिवर्धन सिंह, हर्षवर्धन सिंह एवं उनके परिजनों के साथ अन्य भक्तों ने सक्रिय भूमिका निभाई। पूरे कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर जय श्रीराम और जय बजरंगबली के जयकारों से गूंजता रहा।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथियों के रूप में पूर्व मंत्री स्वाति सिंह, उनके प्रतिनिधि शंकरी सिंह एवं विनय दीक्षित, अधिवक्ता महामंत्री गोविंद प्रताप शुक्ला, विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह की टीम से कृपा शंकर त्रिपाठी, पूर्व जिला अध्यक्ष भाजपा युवा मोर्चा संजय सिंह चौहान तथा पूर्व प्रधान बनी जगनायक सिंह मौजूद रहे। स्थानीय पत्रकार, पुलिसकर्मी और आसपास के गांवों के लोग भी भंडारे में शामिल हुए और प्रसाद ग्रहण किया।
आयोजकों ने बताया कि बड़े मंगलवार के अवसर पर ऐसे धार्मिक आयोजन न केवल आस्था को मजबूत करते हैं, बल्कि सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे को भी बढ़ावा देते हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी श्रद्धालुओं ने एक स्वर में जय श्रीराम और जय बजरंगबली के जयकारे लगाए।
भक्ति और श्रद्धा से ओतप्रोत यह आयोजन क्षेत्रवासियों के लिए एक यादगार धार्मिक उत्सव बन गया।













