शकील अहमद
बंथरा (लखनऊ)। चैत्र रामनवमी के पावन अवसर पर राजधानी लखनऊ के रेतेश्वर धाम, बनी (बंथरा) में वरिष्ठ भाजपा नेता शंकरी सिंह ने अपने अनुज राम शंकर सिंह मतोले के साथ मिलकर 5100 कन्याओं का भव्य कन्या पूजन एवं भोज का आयोजन किया। इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम की शुरुआत सह राष्ट्रीय संगठन सचिव संजय मिश्रा के हाथों पांच कन्याओं को बर्तन, भोजन, दक्षिणा और चुनरी भेंट कर की गई। इसके बाद शंकरी सिंह और राम शंकर सिंह मतोले ने विधिवत पूजा-अर्चना करते हुए कन्याओं के चरण पखारे, आरती उतारी और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
पूजन के उपरांत सभी कन्याओं को चुनरी, थाली, दक्षिणा प्रदान की गई और उन्हें विभिन्न प्रकार के व्यंजनों से सम्मानपूर्वक भोजन कराया गया। भोज में शाही पनीर, छोला, चावल, खीर और हलुवा जैसे व्यंजन परोसे गए।
इस मौके पर शंकरी सिंह ने कहा कि प्रत्येक वर्ष की तरह इस बार भी रामनवमी पर कन्या पूजन करना उनके लिए अत्यंत पुण्य का कार्य है। उन्होंने कहा कि सनातन परंपरा में कन्याओं को माता का स्वरूप माना गया है, इसलिए उनका पूजन और सम्मान करना हम सभी का कर्तव्य है। भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव पर इस प्रकार का आयोजन समाज में सकारात्मक संदेश देता है।
कार्यक्रम में प्रोफेसर सुशील पांडेय, विधायक कार्यालय प्रभारी एवं पूर्व पार्षद रमाशंकर त्रिपाठी, पार्षद के.एन. सिंह, प्रधान बनी रमेश गुप्ता, पूर्व प्रधान राकेश सिंह, विनय दीक्षित, पार्षद मनोज रावत, पूर्व प्रधान सराय सहजादी राजेश सिंह, विकास सिंह, शिव नारायण सिंह, पूर्व प्रधान खुर्रमपुर संतोष सिंह, अंचल कुमार, अखिल भारतीय पाल महासभा के जिलाध्यक्ष सज्जन पाल, अभिषेक सिंह, अशोक सिंह, धर्मेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, भाजपा कार्यकर्ता और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के समापन पर आयोजन समिति से जुड़े युवकों को अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया गया। यह धार्मिक परंपरा कई वर्षों से लगातार निभाई जा रही है, जिसे लेकर क्षेत्र में खासा उत्साह देखने को मिला।


















