महराजगंज: बृजमनगंज में मच्छरों का बढ़ा प्रकोप, फॉगिंग और एंटी लार्वा छिड़काव न होने से लोग परेशान

  • डेंगू-मलेरिया समेत जलजनित बीमारियों का बढ़ा खतरा, नगर पंचायत ने जल्द फॉगिंग कराने का दिया आश्वासन

सौरभ जायसवाल

बृजमनगंज, महराजगंज। नगर पंचायत बृजमनगंज में बदलते मौसम के साथ मच्छरों का प्रकोप तेजी से बढ़ने लगा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि एंटी लार्वा दवाओं के छिड़काव और फॉगिंग नहीं होने से डेंगू, मलेरिया समेत अन्य जलजनित और मच्छरजनित बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।

नगर क्षेत्र में हालात ऐसे हैं कि शाम होते ही मच्छरों के कारण लोगों का घरों के बाहर बैठना मुश्किल हो जाता है। लोगों का कहना है कि दिन के समय भी मच्छरों का प्रकोप बना रहता है और रात में स्थिति और गंभीर हो जाती है। घर हो या दुकान, हर जगह मच्छरों की भरमार से लोग परेशान हैं।

स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि मच्छरों की रोकथाम के लिए कीटनाशक दवाओं के छिड़काव और फॉगिंग को लेकर स्वास्थ्य विभाग और नगर प्रशासन ने अभी तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया है। लोग अपनी ओर से मच्छरदानी, क्वायल और अन्य उपायों का उपयोग कर रहे हैं, लेकिन इससे पूरी तरह राहत नहीं मिल पा रही है।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि नालियों में एंटी लार्वा का छिड़काव नहीं कराया गया है और न ही नगर में फॉगिंग की गई है। ऐसे में यदि समय रहते व्यापक स्तर पर रोकथाम के उपाय नहीं किए गए, तो आने वाले दिनों में डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों के मामलों में बढ़ोतरी हो सकती है।

लोगों ने नगर पंचायत और स्वास्थ्य विभाग से जल्द फॉगिंग और एंटी लार्वा छिड़काव कराने की मांग की है, ताकि बीमारी फैलने से पहले ही स्थिति पर नियंत्रण पाया जा सके।

इस संबंध में नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी (ईओ) सुरभि मिश्रा ने बताया कि नगर क्षेत्र में जल्द ही फॉगिंग कराई जाएगी और मच्छरों की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts