मिशन शक्ति के तहत इशरत शाह बनीं एक दिन की प्रधानाचार्या, सिविल सेवा में जाने का है लक्ष्य

बृजमनगंज के राम बक्स शांति देवी मॉडर्न चिल्ड्रेन स्कूल में कक्षा आठ की छात्रा को दिलाई गई पद एवं गोपनीयता की शपथ, विद्यालय की व्यवस्थाओं का भी किया निरीक्षण
सौरभ जायसवाल
बृजमनगंज, महराजगंज। नगर पंचायत बृजमनगंज स्थित राम बक्स शांति देवी मॉडर्न चिल्ड्रेन स्कूल में सोमवार को नारी सशक्तिकरण के उद्देश्य से संचालित मिशन शक्ति अभियान के तहत कक्षा आठ की छात्रा इशरत शाह को एक दिन के लिए प्रधानाचार्या बनाया गया। विद्यालय की मेधावी छात्रा को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।
विद्यालय के प्रधानाचार्य सुभाष चन्द यादव ने प्रधानाचार्या इशरत शाह को विद्यालय परिवार और अपनी ओर से शुभकामनाएं देते हुए उन्हें बधाई दी। साथ ही उन्होंने विद्यालय के कार्यों को सुचारू रूप से संचालित करने के तौर-तरीकों की जानकारी भी दी।
श्री यादव ने बताया कि कुमारी इशरत शाह विद्यालय की होनहार छात्रा हैं। वह ग्राम मटिहनवा के टोला बड़िहारी निवासी कमरुद्दीन की पुत्री हैं। उनका लक्ष्य भविष्य में सिविल सेवा में जाकर देश और समाज की सेवा करना है।
प्रधानाचार्या की शपथ लेने के बाद इशरत शाह ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने सफलता के लिए विद्यालय के अनुशासन का पालन करने, ईमानदारी से नियमित परिश्रम करने, समय का सदुपयोग करने, विद्यालय की स्वच्छता बनाए रखने और समय का पालन करने की अपील की। उन्होंने विद्यार्थियों से गुरुजनों और माता-पिता की आज्ञा का पालन करने, उनका सम्मान करने तथा पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने को कहा।
इशरत शाह ने विद्यार्थियों को देश के राष्ट्रभक्तों, महापुरुषों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के योगदान की भी याद दिलाई। उन्होंने कहा कि सफलता प्राप्त करने के लिए हमें उनके आदर्शों पर चलना होगा। तभी हम जीवन में अच्छी सफलता हासिल कर देश और समाज की सेवा कर सकेंगे। उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं से एक निश्चित लक्ष्य निर्धारित कर लगन और मेहनत के साथ आगे बढ़ने की अपील की।
इसके बाद इशरत शाह ने विद्यालय के विभिन्न रजिस्टरों, छात्र-छात्राओं एवं अध्यापकों की उपस्थिति पंजिका तथा कक्षाओं में शिक्षकों की उपस्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था की जानकारी ली। कुछ समय बाद वह छात्र-छात्राओं की समस्याओं को जानने के लिए कक्षाओं में भी पहुंचीं।
विद्यालय के प्रधानाचार्य सुभाष चन्द यादव सहित सभी शिक्षकों ने इशरत शाह की काबिलियत की प्रशंसा की। इस अवसर पर प्राथमिक विभाग के प्रधानाचार्य दयानंद मिश्र ने भी उन्हें प्रधानाचार्या बनने की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इसके बाद विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक ओम प्रकाश यादव, संत कुमार राय, शैलेश कुमार, आकाश कुमार यादव, दुर्गेश कुमार मौर्य, आकाश कुमार चौरसिया, दुर्गेश कुमार यादव, महबूब आलम, अफजल खान, पूनम चौरसिया, उपप्रधानाचार्य सिंधु गुप्ता, शमीमा खातून एवं ममता मौर्य सहित सभी शिक्षकों ने इशरत को प्रधानाचार्या बनने पर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
शिक्षकों ने विश्वास जताया कि उनका लगन और परिश्रम उन्हें सिविल सेवा के लक्ष्य तक अवश्य पहुंचाएगा।
