सौरभ जायसवाल
बृजमनगंज, महराजगंज। बदलते मौसम के साथ नगर पंचायत बृजमनगंज में मच्छरों का प्रकोप तेजी से बढ़ने लगा है। शाम होते ही मच्छरों के आतंक से लोगों का जीना दूभर हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मच्छरों की बढ़ती संख्या के कारण क्षेत्र में संक्रामक और मच्छर जनित बीमारियों का खतरा भी बढ़ता जा रहा है।
नगर क्षेत्र में स्थिति यह है कि केवल रात में ही नहीं, बल्कि दिन के समय भी मच्छरों का प्रकोप बना रहता है। शाम होते ही लोगों का घरों और दुकानों के बाहर बैठना मुश्किल हो जाता है। कस्बे के कई इलाकों में लोग मच्छरों से बचने के लिए मच्छरदानी, क्वायल और अन्य साधनों का सहारा लेने को मजबूर हैं।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि मच्छरों को नियंत्रित करने के लिए नगर प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की ओर से अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है। लोगों का कहना है कि न तो फॉगिंग कराई जा रही है और न ही नालियों में एंटी लार्वा दवाओं का छिड़काव कराया गया है।
नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते व्यापक स्तर पर फॉगिंग और दवा छिड़काव नहीं कराया गया तो डेंगू, मलेरिया और अन्य मच्छर जनित बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य को लेकर लोगों में चिंता बढ़ रही है।
कस्बे के लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन से तत्काल फॉगिंग अभियान चलाने और नालियों की साफ-सफाई के साथ एंटी लार्वा दवाओं का छिड़काव कराने की मांग की है, ताकि बढ़ते मच्छरों के प्रकोप से राहत मिल सके।






