केवल चुनिंदा स्थानों पर जल रहे अलाव, चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर लोग परेशान
सौरभ जायसवाल
बृजमनगंज (महराजगंज)। पिछले कुछ दिनों से अचानक बढ़ी ठंड और शीतलहर ने बृजमनगंज क्षेत्र में जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। सुबह और शाम घने कोहरे के साथ ठिठुरन बढ़ने से लोग घरों और दुकानों में सिमटने को मजबूर हैं। ऐसे हालात में आदर्श नगर पंचायत बृजमनगंज द्वारा की गई अलाव व्यवस्था को अपर्याप्त बताया जा रहा है, जिससे आम नागरिकों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
नगर पंचायत प्रशासन द्वारा केवल कुछ चुनिंदा स्थानों पर ही अलाव जलवाया जा रहा है, जबकि नगर के अधिकांश प्रमुख चौराहों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर अलाव की व्यवस्था नहीं होने से लोग ठंड में खड़े रहने को विवश हैं।
गौरतलब है कि लगभग पांच वर्ष पूर्व कई ग्राम सभाओं को मिलाकर गठित की गई आदर्श नगर पंचायत बृजमनगंज का क्षेत्रफल काफी बड़ा है। नगर क्षेत्र में दो इंटर कॉलेज, प्रमुख बाजार, रेलवे स्टेशन, केन यूनियन समिति, तीन बैंक और कुल 16 वार्ड शामिल हैं। इसके साथ ही यह नगर नेपाल सीमा से जुड़ा हुआ है, जहां से प्रतिदिन यात्रियों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में नगर के सभी प्रमुख स्थलों पर अलाव की पर्याप्त व्यवस्था की आवश्यकता महसूस की जा रही है।
स्थानीय नागरिकों ने नगर पंचायत की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि ठंड के इस प्रकोप में प्रमुख चौराहों, बाजारों, बस व रेलवे स्टेशन तथा मुख्य मार्गों के किनारे अलाव की समुचित व्यवस्था होनी चाहिए थी। नगर के वरिष्ठ सपा नेता दिलीप चौधरी, इंजीनियर राकेश यादव, समाजसेवी बबलू जायसवाल, व्यापार मंडल अध्यक्ष किशन जायसवाल सहित कई नागरिकों ने नगर पंचायत प्रशासन से व्यापक स्तर पर अलाव जलवाने और पर्याप्त लकड़ी उपलब्ध कराने की मांग की है।
इस संबंध में नगर पंचायत बृजमनगंज के चेयरमैन राकेश जायसवाल ने बताया कि नगर के सभी आवश्यक स्थलों पर लकड़ी गिरवाने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही नगर के सभी प्रमुख स्थानों पर अलाव की व्यवस्था को और प्रभावी किया जाएगा, ताकि लोगों को ठंड से राहत मिल सके।


















