चिरमिरी नगर निगम में डोर-टू-डोर सफाई व्यवस्था पर सवाल, कई वार्डों में कचरा संग्रहण प्रभावित

आर स्टीफ़न (स्टेट हेड)

चिरमिरी (एमसीबी)। नगर पालिका निगम चिरमिरी में डोर टू डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था लोगों के लिए गंभीर समस्या बनती जा रही है। 40 वार्डों वाले इस नगर निगम क्षेत्र में कर्मचारियों की कथित मनमानी के कारण कई इलाकों में घरों के आसपास गंदगी का अंबार लग गया है।

समय पर कचरा न उठने से बदबू, मक्खी-मच्छर और अस्वच्छ वातावरण के चलते आम नागरिकों को रोजमर्रा की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।स्थानीय लोगों का कहना है कि शिकायत दर्ज कराने के बावजूद कई-कई दिनों तक डोर टू डोर कर्मचारी अपने कार्यस्थल पर नहीं पहुंचते।

इससे घरों में जमा कूड़ा सड़ने लगता है और संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ जाता है। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक दिक्कत हो रही है।
वार्ड नंबर 13 के निवासियों ने बताया कि क्षेत्र में तैनात सुपरवाइजर को बार-बार शिकायत देने के बाद भी स्थिति में कोई सुधार नहीं हो रहा है।

नागरिकों का आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि इस समस्या की ओर ध्यान नहीं दे रहे, जिसके चलते हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं।
चिरमिरी, जिसे कभी सफाई व्यवस्था के लिए जाना जाता था, वहां अब कई मोहल्लों में कचरे के ढेर देखे जा सकते हैं।

लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब नगर निगम में नियमित सफाई व्यवस्था का दावा किया जाता है, तो फिर डोर टू डोर कचरा संग्रहण में इतनी लापरवाही क्यों हो रही है।
स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि नगर पालिका निगम प्रशासन तत्काल प्रभाव से डोर टू डोर कर्मचारियों की निगरानी सख्त करे, लापरवाह कर्मचारियों और सुपरवाइजरों पर कार्रवाई करे तथा नियमित सफाई सुनिश्चित करे, ताकि क्षेत्र में फैल रही गंदगी और उससे जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं पर रोक लगाई जा सके।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts