रायबरेली: बेटी की शादी में बवाल की आशंका, पिता ने मांगी पुलिस सुरक्षा

रायबरेली। बछरांवा थाना क्षेत्र के नीमटीकर गांव से एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां एक पिता ने अपनी बेटी की शादी को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है। मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

गांव निवासी सतीश कुमार पुत्र स्व. राममिलन ने थाना बछरावां में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनकी बेटी संध्या की शादी 3 मई 2026 को निर्धारित है, जिसमें सैकड़ों लोगों के शामिल होने की संभावना है। उन्होंने आशंका जताई है कि गांव के कुछ अराजक तत्व, जो शराब के नशे के आदी हैं, शादी समारोह में आकर गाली-गलौज और मारपीट कर सकते हैं।

पीड़ित का कहना है कि ऐसे लोग पहले भी गांव में आयोजित शादी-विवाह कार्यक्रमों में उत्पात मचा चुके हैं, जिससे माहौल खराब हुआ है। इसी को देखते हुए उन्होंने प्रशासन से शादी समारोह के दौरान पुलिस बल तैनात करने की मांग की है, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

इस संबंध में थाना प्रभारी श्याम कुमार पाल ने बताया कि प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ है और पुलिस का दायित्व है कि लोगों को सुरक्षा प्रदान की जाए। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी और स्थिति के अनुसार सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

घटना के बाद क्षेत्र में इस प्रकरण की चर्चा तेज है और स्थानीय लोग भी यह उम्मीद लगाए बैठे हैं कि पुलिस की मौजूदगी में विवाह समारोह शांतिपूर्वक संपन्न होगा।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts