रायबरेली: डीएम ने राजकीय पुस्तकालय का किया निरीक्षण, प्रतियोगी छात्रों के लिए बेहतर सुविधाओं के दिए निर्देश

[post-views]
  • नवीनतम पुस्तकों, इंटरनेट, अध्ययन कक्ष, पेयजल और स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर दिया जोर

रायबरेली। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने राजकीय पुस्तकालय का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुस्तकालय में पुस्तकों के रखरखाव, स्वच्छता, अध्ययन कक्ष, पेयजल, शौचालय एवं इंटरनेट सुविधा सहित अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को पुस्तकालय को अधिक उपयोगी एवं छात्र हितैषी बनाने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि राजकीय पुस्तकालय ज्ञान और अध्ययन का महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां आने वाले छात्र-छात्राओं एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को बेहतर अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराया जाना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि पुस्तकालय में उपलब्ध पुस्तकों का सुव्यवस्थित रखरखाव किया जाए तथा समय-समय पर उनकी सूची का अद्यतन किया जाए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों के लिए नवीनतम पाठ्य सामग्री, विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित नई पुस्तकों, संदर्भ ग्रंथों तथा राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय स्तर की प्रमुख पत्र-पत्रिकाओं की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अद्यतन अध्ययन सामग्री उपलब्ध होने से उनकी तैयारी अधिक प्रभावी होगी।

उन्होंने पुस्तकालय में छात्र-छात्राओं के बैठने की व्यवस्था को और बेहतर एवं सुविधाजनक बनाने, स्वच्छ एवं उपयोगी शौचालय, शुद्ध पेयजल तथा निर्बाध इंटरनेट सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। साथ ही पुस्तकालय परिसर की नियमित साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था एवं शांत अध्ययन वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि पुस्तकालय को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करते हुए इसे विद्यार्थियों, शोधार्थियों एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए एक आदर्श अध्ययन केंद्र के रूप में विकसित किया जाए।

निरीक्षण के समय जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts