रायबरेली: डीएम-एसपी ने सावन मास की तैयारियों का लिया जायजा, श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर दिए सख्त निर्देश

[post-views]
  • आस्तीक मंदिर और भरवेश्वर मंदिर का किया संयुक्त निरीक्षण, स्वच्छता, सुरक्षा, पेयजल और यातायात व्यवस्था समय से दुरुस्त करने के निर्देश

रायबरेली। आगामी सावन मास, कांवड़ यात्रा, घाटों पर स्नान एवं शिव मंदिरों में जलाभिषेक के दृष्टिगत जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका एवं पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने जनपद के प्रमुख धार्मिक स्थलों का संयुक्त निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने आस्तीक मंदिर एवं भरवेश्वर मंदिर का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं का गहन परीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सावन मास में बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने मंदिर परिसरों एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था, पर्याप्त पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पार्किंग, यातायात प्रबंधन तथा स्वास्थ्य सेवाओं की समुचित व्यवस्था समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा प्रत्येक व्यवस्था का पूर्व परीक्षण कर लें, ताकि किसी प्रकार की कमी न रहे।

पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए संबंधित पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंदिरों एवं प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। भीड़ नियंत्रण, यातायात संचालन, संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी, सीसीटीवी एवं सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखा जाए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंदिर परिसर, प्रवेश एवं निकास मार्ग, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था तथा यातायात व्यवस्था का जायजा लेते हुए आवश्यक सुधारात्मक निर्देश भी दिए। साथ ही संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया कि सावन मास के दौरान सभी व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक संसाधन एवं टीमों को सतर्क रखा जाए।

निरीक्षण के अवसर पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ, उप जिलाधिकारी सदर गौतम सिंह, उप जिलाधिकारी महराजगंज चन्द्र प्रकाश, क्षेत्राधिकारी महराजगंज प्रदीप कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts