प्रयागराज में केशव प्रसाद मौर्य बोले- व्यापारियों के हितों की रक्षा डबल इंजन सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता

[post-views]
  • व्यापारी संवाद कार्यक्रम में व्यापारियों से किया संवाद, सूर्य मूर्ति प्राकट्य उत्सव की 151 जल कलशों की शोभायात्रा का किया शुभारंभ

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को जनपद प्रयागराज में आयोजित ‘व्यापारी संवाद कार्यक्रम’ में प्रतिभाग कर व्यापारियों से विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार व्यापारियों के हितों की रक्षा, व्यापार को सरल, पारदर्शी एवं सुगम बनाने तथा प्रदेश में समृद्ध एवं सुरक्षित कारोबारी वातावरण उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार व्यापारियों की समस्याओं के समाधान, व्यापारिक सुविधाओं के विस्तार तथा निवेश एवं उद्योग के अनुकूल वातावरण तैयार करने के लिए लगातार प्रभावी कदम उठा रही है।

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ होने, आधारभूत संरचना के तीव्र विकास तथा व्यापार हितैषी नीतियों के कारण उत्तर प्रदेश आज निवेश और व्यापार का प्रमुख केंद्र बनकर उभरा है। सरकार का लक्ष्य व्यापारियों के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक प्रगति को सुनिश्चित करना है।

व्यापारी संवाद कार्यक्रम में भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, व्यापारी एकता समिति के अध्यक्ष विजय गुप्ता, विधान परिषद सदस्य सुरेंद्र चौधरी, उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेश मौर्य, अन्य जनप्रतिनिधिगण, व्यापारी संगठनों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।

इसके उपरांत उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रयागराज स्थित श्री हनुमत निकेतन मंदिर के निकट आयोजित सूर्य मूर्ति प्राकट्य उत्सव के अंतर्गत 151 पवित्र नदियों के जल कलशों की भव्य शोभायात्रा में सम्मिलित होकर विधिवत पूजन-अर्चन किया तथा मंगलमय यात्रा को प्रयागराज से रवाना किया।

उन्होंने इस आयोजन को भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा एवं आध्यात्मिक चेतना का प्रेरक प्रतीक बताते हुए इसके सफल आयोजन के लिए आयोजकों को शुभकामनाएं दीं। साथ ही प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं कल्याण की कामना भी की।

Share this article

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Posts