- धान की रोपाई देखने खेत जा रहे थे दोनों बच्चे, सीएचसी में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
रायबरेली। खीरों थाना क्षेत्र के अंतर्गत सराय महमूद मजरे मिर्जापुर निवासी दो सगे भाई-बहन गुरुवार दोपहर रिमझिम बारिश के दौरान आकाशीय बिजली की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस गए। परिजन दोनों बच्चों को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सराय महमूद मजरे मिर्जापुर निवासी विजय पासवान का पुत्र अभिषेक पासवान (8 वर्ष) और पुत्री अंजली (6 वर्ष) स्कूल से घर लौटने के बाद गांव से करीब एक किलोमीटर दूर स्थित खेतों में हो रही धान की रोपाई देखने पैदल जा रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आकर दोनों बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन दोनों को इलाज के लिए सीएचसी लेकर पहुंचे। सीएचसी की इमरजेंसी ड्यूटी में तैनात डॉ. पी.के. श्रीवास्तव ने परीक्षण के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
सगे भाई-बहन की एक साथ मौत से परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। बच्चों के पिता विजय पासवान रोजी-रोटी के लिए पंजाब के लुधियाना शहर में मजदूरी करते हैं। घटना की सूचना मिलने पर परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। हादसे की खबर मिलते ही गांव और आसपास के दर्जनों लोग सीएचसी पहुंच गए।
प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि दोनों बच्चों की मौत आकाशीय बिजली गिरने से हुई है। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
सूचना पर सीएचसी पहुंचे विधायक
दर्दनाक हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय विधायक राहुल लोधी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और शोक संतप्त परिजनों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।













