रायबरेली में तेज रफ्तार बाइक बिजली के खंभे से टकराई, उन्नाव निवासी 23 वर्षीय युवक की मौत

खीरों थाना क्षेत्र के भितरी पुल के पास हुआ हादसा
गंभीर हालत में करीब एक घंटे तक सड़क किनारे पड़ा रहा बाइक सवार, सीएचसी में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
रायबरेली। खीरों थाना क्षेत्र के अंतर्गत सेमरी-सरेनी रोड पर भितरी पुल के पास रविवार शाम एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया।
वह करीब एक घंटे तक सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़ा रहा। वहां से गुजर रहे राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद घायल को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, रविवार शाम सेमरी चौराहे से जा रहे बाइक सवार शिवम पुत्र कृष्ण पाल लोधी (23 वर्ष), निवासी लालपुर मजरे जमीपुर, थाना बिहार, जनपद उन्नाव की बाइक भितरी पुल के पास अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई। दुर्घटना में शिवम गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे की जानकारी मिलने पर स्थानीय ग्रामीणों ने 108 एंबुलेंस की मदद से घायल को सीएचसी पहुंचाया। वहां तैनात चिकित्सक डॉ. राहुल घोष ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर मृतक के परिजन भी सीएचसी पहुंच गए।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। इंचार्ज एसआई कुलदीप सिंह बुंदेला ने बताया कि मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
