सरोजनी नगर में छठ पूजा की तैयारियों का संजय सिंह चौहान ने लिया जायजा, छठी मैया के गीतों से गूंजा क्षेत्र

श्रद्धा, आस्था और लोकपरंपरा के रंग में रंगा सरोजिनी नगर, व्रती महिलाओं ने शुरू किया 36 घंटे का निर्जला व्रत
शकील अहमद
सरोजनी नगर, लखनऊ। राजधानी में लोकआस्था का महापर्व छठ श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। छठी मैया के पारंपरिक गीतों और भक्तिमय वातावरण से सरोजिनी नगर क्षेत्र गूंज उठा है। चार दिवसीय महापर्व के तीसरे दिन खरना पूजन के साथ व्रती महिलाओं ने 36 घंटे का निर्जला व्रत प्रारंभ किया।
रविवार को व्रती महिलाएं अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और आरोग्य की कामना करेंगी।
इसी क्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता एवं उत्तर प्रदेश सहकारिता प्रकोष्ठ के सदस्य संजय सिंह चौहान ने सैनिक स्कूल रनियापुर रोड, गौरी बाजार स्थित छठ पूजा स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं और आयोजन से जुड़े ओपी शर्मा से मुलाकात की। ओपी शर्मा छठ पूजा स्थल समिति के अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश जनहित व्यापार मंडल के अध्यक्ष हैं।
संजय सिंह चौहान ने उनसे पूजा की तैयारियों, व्यवस्थाओं और श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने सभी को छठ पर्व की शुभकामनाएं देते हुए इसकी धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्ता पर प्रकाश डाला।
संजय सिंह चौहान ने कहा कि छठ महापर्व भारतीय संस्कृति, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और परिवार की मंगलकामना का अद्भुत प्रतीक है। भगवान सूर्य जीवन, ऊर्जा और प्रकाश के स्रोत हैं, जबकि छठी मैया की आराधना संतान के सुख, स्वास्थ्य और परिवार की खुशहाली के लिए की जाती है। यह पर्व हमें प्रकृति के सम्मान, स्वच्छता, अनुशासन, त्याग और सामाजिक एकता का संदेश देता है।
उन्होंने कहा कि छठ पूजा में व्रती महिलाएं अत्यंत श्रद्धा और निष्ठा के साथ कठिन व्रत रखती हैं। जलाशयों के किनारे अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर प्रकृति के प्रति आभार व्यक्त किया जाता है। यह पर्व समाज में आपसी सहयोग, भाईचारे और समरसता को भी मजबूत करता है। छठ महापर्व हमारी सांस्कृतिक विरासत को संजोने तथा नई पीढ़ी को भारतीय परंपराओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
छठ पूजा को लेकर पुलिस प्रशासन मुस्तैद
सरोजिनी नगर क्षेत्र में छठ पूजा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। पूजा स्थलों पर आकर्षक सजावट, पारंपरिक गीत और भक्तिमय वातावरण पर्व की सुंदरता को बढ़ा रहे हैं।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा को ध्यान में रखते हुए सरोजिनी नगर थाना प्रभारी की ओर से पूजा स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ की गई है। पुलिस प्रशासन द्वारा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के बाद सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। इसके साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का विधिवत समापन होगा।
