रायबरेली। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लोकभवन सभागार, लखनऊ से 1500 करोड़ रुपये की धनराशि के माध्यम से प्रदेश के 1.86 करोड़ उज्ज्वला परिवारों को रसोई गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जनपद रायबरेली के रायबरेली क्लब, सिविल लाइन में किया गया।
कार्यक्रम में लगभग 500 उज्ज्वला लाभार्थी उपस्थित रहे, जिन्होंने मुख्यमंत्री के संबोधन को सुना। इस अवसर पर लाभार्थियों को होली पर्व के मद्देनजर ₹901 की रिफिल सब्सिडी का प्रतीकात्मक चेक प्रदान किया गया। मंच पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने 10 चयनित लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक वितरित किए, जबकि अन्य लाभार्थियों को प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से राशि उनके खातों में हस्तांतरित की जानी है।

कार्यक्रम में सदर विधायक अदिति सिंह, सलोन विधायक अशोक कुमार, मुख्य विकास अधिकारी अंजू लता तथा अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि उज्ज्वला योजना से ग्रामीण एवं शहरी गरीब परिवारों को स्वच्छ ईंधन उपलब्ध हुआ है, जिससे महिलाओं के स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण को लाभ मिला है।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार उज्ज्वला लाभार्थियों को त्योहारों के अवसर पर राहत प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। रसोई गैस रिफिल सब्सिडी का यह वितरण गरीब परिवारों को आर्थिक सहारा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी अहमद फरीद खान, उप जिलाधिकारी सचिन यादव, जिला पूर्ति अधिकारी उबेदुर्रमान तथा ऑयल कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।


















