
दो दशक से अधिक समय हो गया है, लेकिन ओलंपिक पदक के काफी करीब पहुंचने के बाद भी पदक न जीत पाना मोहम्मद रियाज को आज तक परेशान करता है, हालांकि मेगा-इवेंट के पिछले दो संस्करणों में राष्ट्रीय टीम को पोडियम फिनिश हासिल करते देखने के बाद उनका अफसोस कुछ कम हो गया है।
तमिलनाडु के 53 वर्षीय पूर्व मिड-फील्डर उस भारतीय टीम का हिस्सा थे जिसने 1998 के एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर 32 साल के इंतजार को समाप्त किया था। लेकिन टीम 2000 सिडनी ओलंपिक के प्रदर्शन को दोहरा नहीं सकी और क्वार्टर फाइनल चरण के बाद बाहर हो गई।
रियाज ने एक साक्षात्कार में ‘पीटीआई भाषा’ को बताया, “ओलंपिक खेलना सबसे बड़ी बात है और पदक के करीब आना और उसे नहीं जीत पाना सबसे बड़ा अफसोस है। मुझे इसका अफसोस जीवन भर रहेगा लेकिन मुझे खुशी है कि भारत ने लंबे इंतजार को खत्म करते हुए (2021 टोक्यो और 2024 पेरिस ओलंपिक में) कांस्य पदक जीता।”
2000 में, भारत सेमीफाइनल में जगह बनाने से लगभग दो मिनट दूर था लेकिन पोलैंड के देर से बराबरी के गोल ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। इसके बाद, एथेंस 2004 में, भारत 2008 में बीजिंग में अगले संस्करण के लिए क्वालीफाई करने में विफल होने से पहले शायद ही कोई प्रभाव छोड़ सका।
हॉकी विशेषज्ञों का मानना है कि 1980 में मॉस्को में आठवें और आखिरी ओलंपिक स्वर्ण के बाद 2000 की कक्षा सबसे संतुलित टीम और पोडियम फिनिश की सबसे मजबूत दावेदार थी।
इसमें धनराज पिल्लै, मुकेश कुमार, दिलीप तिर्की, बलजीत सैनी और रियाज़ जैसे दिग्गज शामिल थे।
रियाज़ को लगता है कि लगातार दो ओलंपिक पदकों के साथ, भारत खेल के गौरवशाली दिनों को पुनर्जीवित करने के लिए सही रास्ते पर है। उन्होंने कहा कि भविष्य के खेलों में पदक का रंग सुधारने पर ध्यान केंद्रित होना चाहिए। उन्होंने कहा, “भारतीय हॉकी ने 100 साल पूरे कर लिए हैं और यह एक लंबी यात्रा रही है। लगातार ओलंपिक पदक जीतने के बाद अच्छा लग रहा है। हमारे पास मजबूत जमीनी स्तर की दीर्घकालिक योजना है।”


















