सरोजनीनगर में 76 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की सौगात, 107 परियोजनाओं का शिलान्यास-लोकार्पण

विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने 10 करोड़ की कायाकल्प परियोजना का किया शुभारंभ
मेधावियों को लैपटॉप-साइकिल, महिलाओं के लिए तारा शक्ति सिलाई केंद्र और ‘हर घर राजेश्वर’ अभियान की शुरुआत
शकील अहमद
लखनऊ। सरोजनीनगर में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, आवासीय क्षेत्रों के पुनर्विकास, शिक्षा, महिला स्वावलंबन और जनसहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मान्यवर कांशीराम आवासीय योजना, सदरौना स्थित आर.एस. लॉन में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कायाकल्प परियोजना के भूमि पूजन और मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान समारोह में सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
इस अवसर पर लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) की 67.26 करोड़ रुपये की लागत वाली 107 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया गया। इसके साथ ही 10 करोड़ रुपये की लागत से मान्यवर कांशीराम आवासीय कॉलोनी, सदरौना के व्यापक कायाकल्प की परियोजना का शुभारंभ हुआ। दोनों परियोजनाओं की कुल लागत 77.26 करोड़ रुपये है।
कार्यक्रम में विकास कार्यों के साथ शिक्षा और सामाजिक सशक्तीकरण को भी विशेष महत्व दिया गया। मेधावी छात्र-छात्राओं को साइकिल वितरित कर उनकी शैक्षिक यात्रा को प्रोत्साहित किया गया। महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से तारा शक्ति सिलाई केंद्रों का लोकार्पण किया गया। इसके अतिरिक्त मतदाता सूचियों के सत्यापन और क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों की जानकारी प्रत्येक परिवार तक पहुंचाने के उद्देश्य से ‘हर घर राजेश्वर’ अभियान की शुरुआत की गई।
बच्चों की शिक्षा हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता: डॉ. राजेश्वर सिंह
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि सरोजनीनगर के विकास की परिकल्पना में बच्चों की शिक्षा और उनके उज्ज्वल भविष्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। उनका सपना है कि प्रत्येक बच्चे को पढ़ाई के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध हों और प्रतिभा किसी भी परिस्थिति में अवसरों से वंचित न रहे। मेधावी बच्चों का सम्मान करना समाज और जनप्रतिनिधि, दोनों का महत्वपूर्ण दायित्व है। बच्चे जितना आगे बढ़ेंगे, समाज भी उतना ही आगे बढ़ेगा।
उन्होंने बताया कि सरोजनीनगर में अब तक 2,000 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर साइकिल और लैपटॉप दिए जा चुके हैं। उनकी उपलब्धियां दूसरे बच्चों को भी मेहनत और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित कर रही हैं। कार्यक्रम में 95 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले 10 मेधावी छात्र-छात्राओं को डॉ. राजेश्वर सिंह ने लैपटॉप प्रदान कर सम्मानित किया।
सरोजनीनगर में 180 तारा शक्ति केंद्र स्थापित
महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण पर डॉ. सिंह ने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की यात्रा चार तारा शक्ति केंद्रों की स्थापना के संकल्प से शुरू हुई थी। उस समय सिलाई केंद्रों के संचालन के लिए मातृशक्ति को तलाशना और उन्हें इस अभियान से जोड़ना बड़ी चुनौती थी। लेकिन आज लगभग पौने पांच वर्षों में सरोजनीनगर में 180 तारा शक्ति केंद्र स्थापित हो चुके हैं और 2,500 से अधिक सिलाई मशीनों का वितरण किया जा चुका है।
उन्होंने कहा कि यह केवल सिलाई मशीनों का वितरण नहीं, बल्कि महिलाओं को स्वरोजगार, सम्मान और आर्थिक आत्मनिर्भरता से जोड़ने का प्रयास है।
रामरथ यात्रा से 9 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि सरोजनीनगर उनके लिए एक परिवार है। परिवार में बुजुर्गों का सम्मान, बच्चों का भविष्य और प्रत्येक सदस्य की खुशहाली समान रूप से महत्वपूर्ण होती है। इसी भावना के साथ रामरथ यात्रा की शुरुआत की गई। अब तक 9,000 से अधिक श्रद्धालु रामरथ के माध्यम से अयोध्या धाम में श्रीरामलला के दर्शन कर चुके हैं।
उन्होंने बताया कि खाटू श्याम धाम की यात्रा भी आयोजित की गई और वर्तमान में बिठूर की धार्मिक यात्रा संचालित हो रही है। इन पहलों का उद्देश्य क्षेत्रवासियों को धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों की निःशुल्क यात्रा का अवसर उपलब्ध कराना और सामाजिक जुड़ाव को मजबूत करना है।
बच्चों को शिक्षा, खेल और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के प्रयासों का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि सरोजनीनगर के प्रत्येक प्राथमिक विद्यालय में झूलों की व्यवस्था की गई है, जिसका लाभ 22,000 से अधिक बच्चों को मिल रहा है।
निवेश और रोजगार की संभावनाओं पर भी की चर्चा
सरोजनीनगर की विकास संभावनाओं पर चर्चा करते हुए डॉ. सिंह ने कहा कि यह विधानसभा क्षेत्र अपनी भौगोलिक स्थिति और आधारभूत सुविधाओं की दृष्टि से विशेष महत्व रखता है। यहां अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, मेट्रो और चार एक्सप्रेसवे की कनेक्टिविटी उपलब्ध है। क्षेत्र में प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान हैं। बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय और लखनऊ विश्वविद्यालय के कृषि परिसर जैसी शैक्षिक संभावनाएं इसे शिक्षा के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य हुए हैं। सरोजनीनगर में स्थापित हो रहे अमेजन और फ्लिपकार्ट के बड़े लॉजिस्टिक पार्क तथा लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे से क्षेत्र में निवेश, व्यापार और रोजगार की नई संभावनाएं विकसित हुई हैं।
रोजगार और युवाओं के भविष्य पर डॉ. सिंह ने कहा कि आज की पीढ़ी ने वह दौर नहीं देखा, जब पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यकाल में भर्तियों में धांधली और पक्षपात की शिकायतें सामने आती थीं। ऐसी परिस्थितियों में अनेक प्रतिभाशाली युवाओं को नुकसान उठाना पड़ता था।
‘हर घर राजेश्वर’ अभियान की शुरुआत
कार्यक्रम में शुरू किए गए ‘हर घर राजेश्वर’ अभियान के बारे में डॉ. सिंह ने कहा कि इसका उद्देश्य मतदाता सूचियों के सत्यापन के साथ-साथ क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों की जानकारी प्रत्येक परिवार तक पहुंचाना है। इस अभियान के माध्यम से क्षेत्रवासियों को विकास कार्यों से जोड़ने और जनसंपर्क को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम में भाजपा लखनऊ के जिलाध्यक्ष विजय मौर्य, वरिष्ठ भाजपा नेता गंगाराम अम्बेडकर, मंडल अध्यक्ष दल बहादुर सिंह, रविराज लोधी, शुभम पाल, कुंवर राजेन्द्र सिंह ‘राजू’, नीतू यादव, कुंवर राम विलास रावत, श्रवण कुमार रावत, डॉ. अखिलेश सिंह, अरुण कुमार मिश्रा, शिविता गोयल सहित अनेक प्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
