सरोजनीनगर में भाजपा के धरना-प्रदर्शन में शामिल हुईं पार्षद गीता देवी गुप्ता, महिला मोर्चा की टीम ने भी लिया हिस्सा

-लोकतंत्र के समर्थन में आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ दर्ज कराई उपस्थिति, संगठन की एकजुटता का दिया संदेश
शकील अहमद
सरोजनीनगर (लखनऊ)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा लोकतंत्र के समर्थन में आयोजित धरना-प्रदर्शन में सरोजनीनगर प्रथम की पार्षद गीता देवी गुप्ता अपनी टीम के साथ शामिल हुईं। इस अवसर पर उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और महिला मोर्चा की अपनी पूरी टीम के साथ कार्यक्रम में सहभागिता दर्ज कराई।
धरना-प्रदर्शन के दौरान लोकतांत्रिक मूल्यों, जनभावनाओं और संगठन की एकजुटता का संदेश दिया गया। पार्षद गीता देवी गुप्ता ने महिला मोर्चा की टीम के साथ उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में भाग लिया और पार्टी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की।
इस अवसर पर युवा नेता नीरज सिंह, नगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी सहित भारतीय जनता पार्टी के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, सम्मानित पार्षदगण, पार्टी कार्यकर्ता तथा महिला मोर्चा की पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर लोकतंत्र की मजबूती और जनहित से जुड़े मुद्दों पर अपनी आवाज उठाई।
